पश्चिम बंगाल : फरार टीएमसी नेता की गिरफ्तारी को लेकर संदेशखाली में हिंसक प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 09 Feb 2024 07:17 PM
पश्चिम बंगाल : फरार टीएमसी नेता की गिरफ्तारी को लेकर संदेशखाली में हिंसक प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

बारासात. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के फरार नेता शेख शाहजहां और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में शुक्रवार को लोग उग्र हो गये. पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने हाथों में डंडे और झाडू लेकर संदेशखाली के अलग-अलग हिस्सों में सुबह से ही जुलूस निकाले और दोपहर के समय भीड़ ने शाहजहां के सहयोगी शिवप्रसाद हाजरा के घर में तोड़-फोड़ की और लकड़ी के कुछ सामान में आग लगा दी.

पुलिस ने बताया कि जेलियाखाली में हाजरा से जुड़े एक मुर्गीपालन फार्म को भी आग के हवाले कर दिया गया. पुलिस अधीक्षक हुसैन मेहदी रहमान ने बताया कि सुरक्षा बलों को इलाके में भेज दिया गया है और हालात पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि गांव वालों ने शाहजहां और उसके सहयोगियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसकी जांच की जा रही है. अधिकारी ने बताया कि फरार लोगों के लिए छापेमारी की जा रही है.

अतिरिक्त महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) मनोज वर्मा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए लोगों से कानून को अपने हाथ में नहीं लेने का आग्रह किया. शाहजहां पिछले महीने उस समय से लापता है, जब कथित राशन घोटाले में उसके घर पर छापा मारने गई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया था.

उन्होंने कहा, ह्लसभी दर्ज शिकायतों के आधार पर जांच जारी है और कार्रवाई की जाएगी. साथ ही अगर कोई कानून अपने हाथ में लेगा तो कानून अपना काम करेगा. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.ह्व इस बीच, स्थानीय लोगों ने संदेशखाली थाने के बाहर धरना शुरू किया और कहा कि यह तब तक जारी रहेगा जब तक शाहजहां और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता.

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शाहजहां और उसके ‘गुर्गों’ ने अपने ‘शासनकाल’ के दौरान लोगों पर अत्याचार करने के अलावा बहुत सी जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया. पुलिस ने बताया कि इस बीच शाहजहां के समर्थक भी सड़कों पर उतर आए और पुलिस बल झड़प को रोकने की कोशिश कर रहा है. टीएमसी ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) इलाके में अशांति फैलाने के लिए लोगों को भड़का रही है.

टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, ”इलाके में एक-दो टीएमसी नेताओं के प्रति असंतोष हो सकता है. साजिशकर्ता इसी मौके का फायदा उठाकर संकट पैदा करना चाहते हैं. यह एक अलग घटना है और लोगों की शिकायतों का समाधान किया जाएगा ” वहीं भाजपा ने कहा कि यह घटना लोगों के दबे हुए गुस्से का नतीजा है.

भाजपा नेता समिक भट्टाचार्य ने दावा किया, ”संदेशखाली की घटना भविष्य में होने वाली घटनाओं का एक झांकी है. टीएमसी सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाली है.” मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता तन्मय भट्टाचार्य ने कहा कि सैकड़ों एकड़ भूमि पर ह्लअवैध कब्जाह्व और पुलिस की नि्क्रिरयता के कारण जनता का आक्रोश फूट पड़ा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu