वेस्टइंडीज 255 रन पर सिमटा, रोहित का तूफानी अर्धशतक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 23 Jul 2023 10:20 PM
वेस्टइंडीज 255 रन पर सिमटा, रोहित का तूफानी अर्धशतक
ऑडियो सुनें

पोर्ट ऑफ स्पेन. मोहम्मद सिराज ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट चटकाए जिससे भारत ने दूसरे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन लंच से पहले वेस्टइंडीज को 255 रन पर आउट करके पहली पारी के आधार पर 183 रन की बढ.त बनाई. सिराज ने 23.4 ओवर में 60 रन पर पांच विकेट चटकाते हुए वेस्टइंडीज के निचले क्रम को ध्वस्त किया. वेस्टइंडीज ने दिन की शुरुआत पांच विकेट 229 रन से की और 26 रन जोड़कर बाकी पांच विकेट भी गंवा दिए.

दूसरी पारी में भारत ने तूफानी शुरुआत करते हुए लंच से पहले सिर्फ 12 ओवर में एक विकेट पर 98 रन बनाए. कप्तान रोहित शर्मा (44 गेंद में 57 रन) ने दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए सिर्फ 35 गेंद में अपना सबसे तेज टेस्ट अर्धशतक बनाया. रोहित ने शेनन गैब्रिएल की गेंद पर फाइनल लेग पर अल्जारी जोसेफ को कैच थमाया. उन्होंने यशस्वी जायसवाल (28 गेंद में नाबाद 37 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी की.

बारिश के कारण लंच का ब्रेक समय से पहले लेना पड़ा. लंच के समय शुभमन गिल जायसवाल का साथ निभा रहे थे. उन्होंने अभी खाता नहीं खोला है. मोहम्मद शमी और चोटिल जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में कैरेबियाई सरजमीं पर भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई कर रहे सिराज ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई. वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को सुबह के सत्र में उनका सामना करने में काफी दिक्कतें आईं.

भारत को दिन की पहली सफलता पदार्पण कर रहे मुकेश कुमार ने दिलाई. मुकेश ने दिन के पहले ही ओवर में एलिक अथानाजे (37) को पगबाधा किया. तीसरे दिन बारिश के कारण ओवरों के नुकसान की भरपाई करने के लिए रविवार को मैच आधा घंटा जल्दी शुरू हुआ.
सिराज ने दिन की पहली सफलता जेसन होल्डर (15) के रूप में हासिल की जिन्होंने स्विंग होती फुल लेंथ गेंद पर विकेटकीपर इशान किशन को कैच थमाया.

सिराज ने इसके बाद अल्जारी जोसेफ (04) को पगबाधा किया. मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं किया था लेकिन डीआरएस लेने पर फैसला भारत के पक्ष में गया. सिराज ने 11वें नंबर के बल्लेबाज गैब्रिएल को पगबाधा करके करियर में दूसरी बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट हासिल किए. भारत ने दूसरी पारी की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की. जायसवाल ने पारी के पहले ओवर में ही केमार रोच पर चौके और छक्के से 11 रन बटोरे. रोहित ने भी रोच पर अपना पहला छक्का जड़ा. उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के और पांच चौके जड़कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu