प्रधानमंत्री जो भी योजनाएं तैयार करते हैं उसका प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित करते हैं – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jan 2024 07:09 PM
प्रधानमंत्री जो भी योजनाएं तैयार करते हैं उसका प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित करते हैं – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
ऑडियो सुनें

रायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जरूरतमंद परिवारों के लिए जो योजनाएं तैयार करते हैं, उसका प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित करते हैं. सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ सबके प्रयास को शामिल करते हुए आगे बढ़ते हैं. उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना लाई है. इसके माध्यम से हम इस वर्ग के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे. यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतर्गत तहसील बगीचा के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही.

मुख्यमंत्री साय ने जशपुर जिले में पीएम जनमन योजनाओं के क्रियान्वयन तथा अन्य जानकारी साझा करते हुए बताया कि यहाँ पहाड़ी कोरवा के 288 बसाहटों में 3761 परिवार और 16 हजार 629 जनसंख्या निवासरत है. इसी तरह जशपुर जिले में बिरहोर जनजाति 12 बसाहटों में 177 परिवारों और 565 जनसंख्या के साथ निवासरत है. उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती दिवस 25 नवम्बर 2022 को पीएम जनमन योजना लागू की गई है. 3 साल तक लक्ष्य बनाकर प्रारंभ की गई इस योजनाओं से पिछड़ी जनजाति परिवारों को विकास के मुख्य धारा में जोड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि जशपुर जिले में इन जनजातियों के हित में कार्य करते हुए उनका आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जनधन खाते, गैस कनेक्शन आदि से लाभान्वित किया जा रहा है. इनके बसाहटों तक सड़क भी पहुँचाई जा रही है. पीएम आवास का लाभ दिया जा रहा है. आंगनबाड़ी केंद्र, वन धन केंद्र, हॉस्टल, बिजली कनेक्शन, मोबाइल मेडिकल यूनिट पहुँचाई जा रही है.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार बनते ही मोदी की गारंटी के तहत संकल्पों पर काम शुरू हुआ. 13 दिसम्बर को शपथ लेने के पश्चात 14 को कैबिनेट की बैठक में 18 लाख पीएम आवास बनाने का निर्णय लिया गया. पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल विहारी वाजपेयी के जन्मदिन सुशासन दिवस को किसानों के खाते में 2 साल का धान का बकाया बोनस दिया गया. पीएससी 2021 की गड़बड़ियों की जाँच सीबीआई से कराने का निर्णय लेने के साथ ही विवाहित महिलाओं के खाते में महतारी वंदन योजना के तहत साल में 12 हजार रुपए देने अनुपूरक बजट भी पास किया गया. उन्होंने कहा कि राज्य में बैकलॉग के रिक्त पदों को भरने और भूमिहीन मजदूरों को राशि प्रदान करने के साथ तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस और मानक बोरा में वृद्धि का निर्णय भी लिया गया है. मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ पूर्व में 5 साल तक केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में किए कार्यों और अनुभव को भी साझा किया और बताया कि संसद पहुचने के साथ ही मोदी ने अपनी सरकार को गरीबों के लिए समर्पित करते हुए कल्याणकारी योजनाएं बनाई. उन्होंने देश के प्रधानमंत्री से बगीचा तहसील के अंतर्गत सलखाडाण्ड गाँव की पहाड़ी कोरवा महिला मनकुंवारी बाई द्वारा निर्भीक और बेझिझक वार्तालाप पर उन्हें बधाई दी. मुख्यमंत्री ने यहाँ खुड़िया रानी की पावन धरती को नमन करते हुए मकर संक्रांति, पोंगल, लोहड़ी पर्व की भी सभी को शुभकामनाएं दीं.

विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के हितग्राहियों को मुख्यमंत्री ने बाँटे प्रमाणपत्र

मुख्यमंत्री साय ने विशेष पिछड़ी जनजाति के 10-10 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री उज्जवला कनेक्शन, पीएम किसान सम्मान निधि का प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड,मातृ वंदना योजना,मनरेगा जॉब कार्ड,किसान क्रेडिट कार्ड,प्रधानमंत्री आवास, जाति प्रमाणपत्र, जनधन बैंक खाता, आधार कार्ड, वनधन केंद्र से जुड़ी योजनाओं से लाभान्वित किया.

इस दौरान जशपुर विधायक रायमुनी भगत,पत्थलगांव विधायक गोमती साय, सरगुजा आयुक्त जी.आर. चुरेन्द्र, आईजी अंकित गर्ग, सचिव महिला एवं बाल विकास शम्मी आबिदी ,कलेक्टर डॉ रवि मित्तल,एसपी डी रविशंकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि,अधिकारीगण और बड़ी संख्या में आमनागरिक उपस्थित थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu