नहीं करूंगी राजनीति, देश के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक लाना है लक्ष्य : मनु भाकर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 Aug 2024 07:32 PM
नहीं करूंगी राजनीति, देश के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक लाना है लक्ष्य : मनु भाकर
ऑडियो सुनें

भिवानी. पेरिस ओलंपिक में देश के लिए दो कांस्य पदक जीतने वाली निशानेबाज मनु भाकर का सोमवार को उनके ननिहाल चरखी दादरी में भव्य स्वागत किया गया और उन्हें सम्मानित किया गया. मनु ने अपने ननिहाल के सम्मान को ताउम्र याद रखने की बात कही. उन्होंने साथ ही कहा, ”मैं राजनीति में नहीं आऊंगी. बल्कि अपने खेल पर ध्यान देते हुए ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना ही मेरा लक्ष्य है. ” उन्होंने कहा कि कोई भी खिलाड़ी हो उसकी सोच पर निर्भर रहता है कि वे राजनीति करें या फिर युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करें.

मनु ने कहा, ”मेरा ध्यान सिर्फ देश के लिए स्वर्ण जीतने का है. अभी राजनीति नहीं करूंगी. ” सम्मान समारोह में पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, अंतरराष्ट्रीय पहलवान और भाजपा नेता बबीता फोगाट सहित कई राजनेता मौजूद थे. मनु ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ”जो सम्मान मिल रहा है, उसी उत्साह के साथ ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के लिए जज्बा भी बढ़ रहा है. ” मनु ने युवाओं और उनके माता-पिता से भी पढ़ाई के साथ खेलों में भी ध्यान देने की बात कही.

उन्होंने कहा, ” देश के लिए पदक जीतने का लक्ष्य रखें, सफलता अवश्य मिलेगी. ” भारतीय पहलवान विनेश फोगाट के वजन के मामले को लेकर पूछे सवाल के जवाब में मनु ने कहा, ”विनेश की भावना फाइटर की तरह रही है. इस मामले से सबक लेना चाहिए. विनेश फोगाट के साथ जो हुआ वो दुर्भाग्यपूर्ण है. मुझे इसकी तकनीकी जानकारी नहीं है. विनेश द्वारा कुश्ती से संन्यास लेने का फैसला उनका खुद का है. विनेश को आगे बढ़ना चाहिए और पदक जीतने के लिए फिर से मैदान में उतरना चाहिए. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu