‘नॉमिनी’ नहीं बनाने पर महिला एसडीएम की पति ने की हत्या

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Jan 2024 09:54 PM
ऑडियो सुनें

डिंडोरी. मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में शाहपुरा की उपसंभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) की उनके पति ने सेवा, बीमा और बैंक रिकॉर्ड में ‘नॉमिनी’ नहीं बनाने पर कथित रूप से हत्या कर दी. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल ने संवाददाताओं को बताया कि एसडीएम निशा नापित (51) ने 2020 में एक सोशल मीडिया साइट के माध्यम से मनीष शर्मा (45) से शादी की थी, लेकिन सेवा, बीमा एवं बैंक रिकॉर्ड में ‘नॉमिनी’ बनाने की पति की मांग को नहीं मानने के कारण दोनों के बीच तनाव पैदा हो गया था.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शर्मा ने रविवार को तकिए से निशा का दम घोंट कर हत्या कर दी, छह घंटे तक शव के पास बैठा रहा और फिर शव को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने पुलिस को सतर्क कर दिया. पटेल ने बताया कि शर्मा ने निशा के खून से सने कपड़े और तकिया को वाशिंग मशीन में धो दिया.

उन्होंने कहा, ”हमारी जांच और मौके से प्राप्त सुराग के आधार पर हमने शर्मा से पूछताछ की और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया. उसपर हत्या, दहेज हत्या, सबूत नष्ट करने एवं अन्य अपराधों के आरोप लगाए गए हैं.” पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मुकेश श्रीवास्तव ने इस मामले की गुत्थी 24 घंटे के अंदर सुलझा देने के लिये जांच दल की प्रशंसा की और 20000 रुपये के इनाम की घोषणा की.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी कथित रूप से ‘प्रॉपर्टी डीलर’ है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu