विश्व के सबसे अधिक आयु के नर पांडा की हांगकांग में मौत

हांगकांग. विश्व के सबसे अधिक आयु के नर पांडा की सेहत बिगड़ने के बाद हांगकांग के एक थीम पार्क में 35 साल की उम्र में उसकी मौत हो गई. चीन ने 1999 में एन. एन. नाम का यह नर पांडा और जिया जिया नामक एक मादा पांडा हांगकांग को भेंट किए थे. तभी से यह पांडा ‘ओशन पार्क’ में था. जिया जिया की 2016 में 38 साल की आयु में मृत्यु हो गई थी. वह भी उस समय किसी पार्क में रह रही सबसे अधिक आयु की पांडा थी. ‘ओशन पार्क’ ने एन. एन. की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है.

‘ओशन पार्क कॉरपोरेशन’ के अध्यक्ष पाउलो पोंग ने एक बयान में कहा, ‘‘ एन. एन. के साथ हमने कई बेहतरीन लम्हें बिताए थे और उसके साथ हमारी कई यादें जुड़ी हैं. उसकी चतुराई और चंचलता बहुत याद आएगी.’’ बयान में कहा गया है, ‘‘एन.एन. ने पूरा जीवन जीया जो 35 साल की एक सम्मानजनक आयु पर जाकर समाप्त हुआ. यह आयु मानव के 105 साल के उम्र के बराबर है. ’’ उल्लेखनीय है कि चीन आमतौर पर ‘पांडा कूटनीति’ का सहारा लेता है जिसके तहत यह प्राणी सदभावना के तौर पर अन्य देशों को भेंट किया जाता है. यह प्राणी विशेष रूप से चीन में पाया जाता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button