योगी ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का निरीक्षण किया, कांवड़ियों पर फूल बरसाए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Jul 2022 07:59 PM
योगी ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का निरीक्षण किया, कांवड़ियों पर फूल बरसाए

ऑडियो सुनें

लखनऊ/बागपत. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों पर फूल भी बरसाए. मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर बताया, ‘‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पावन श्रावण माह में चल रही कांवड़ यात्रा में शिव भक्तों के कुशल आवागमन के लिए की गई व्यवस्था का आज हवाई निरीक्षण किया.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान भक्तों और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो.’’ इससे पहले, राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया था कि सोमवार को दिल्ली की दो दिवसीय यात्रा से वापसी के दौरान मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा का जायजा लिया और कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा भी की. योगी ने पूर्व में प्रशासनिक अधिकारियों को हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा करने और कांवड़ यात्रा की निगरानी करने के निर्देश दिए थे.

जानकारी के अनुसार, योगी ने बागपत में आसमान से और प्रशासनिक अधिकारियों ने जमीन पर कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया. इस दौरान बागपत के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यपाल ंिसह भी योगी के साथ मौजूद थे. जानकारी के मुताबिक, योगी ने पुरा महादेव पहुंचकर हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा करने के साथ ही कांवड़ यात्रा का जायजा लिया. उन्होंने पुरा महादेव के सभी मार्गों पर भक्तों और कांवड़ यात्रा का हवाई सर्वेक्षण किया. आसमान से पुष्पों को गिरते देख शिवभक्तों ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया.

सरकारी प्रवक्ता ने बताया, ‘‘योगी का हेलीकॉप्टर दोपहर में बागपत के सिद्धपीठ परशुरामेश्वर पुरामहादेव मंदिर पहुंचा और मंदिर परिसर व कावड़ मार्ग के लगभग चार चक्कर लगाए. हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई, जिसके बाद कांवडियो ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाकर माहौल को और भक्तिमत कर दिया. वहीं, बागपत के जिलाधिकारी (डीएम) राजकमल यादव और पुलिस अधीक्षक (एसपी) नीरज जादौन ने खुली जीप में सवार होकर कांवड़ियों पर फूल बरसाए.’’ कावड़ मार्ग पर जगह-जगह डीएम-एसपी के खुली जीप से शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है.

कोरोना महामारी के बाद यह पहला मौका है, जब प्रदेश में कांवड़ यात्रा आयोजित की जा रही है. सड़कों पर शिव भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है. कहीं विशाल झांकियां निकाली जा रही हैं तो कहीं योगी-मोदी के मुखौटे पहने कांवड़िए मार्गों से गुजर रहे हैं. शिव भक्तों के स्वागत के लिए सजा शहरों का मुख्य मार्ग रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा है. जगह-जगह कांवड़ सेवा शिविर स्थापित किए गए हैं.

योगी ने 18 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंंिसग के जरिये जिलों में तैनात वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करते हुए निर्देश दिया था कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्वास्थ्य चौकियां स्थापित की जाएं और किसी भी तरह की धार्मिक यात्रा या जुलूस में अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि गाजियाबाद-हरिद्वार मार्ग कांवड़ यात्रा की दृष्टि से सर्वाधिक व्यस्त रहता है और यहां दूसरे राज्यों के श्रद्धालु भी आते हैं, इसलिए सीमावर्ती राज्यों से भी संवाद बनाए रखें. उन्होंने किसी भी तरह की अप्रिय सूचना मिलने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षकों को खुद मौके पर जाने के निर्देश दिए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu