जुबिन गर्ग के प्रबंधक, महोत्सव आयोजक पर हत्या का आरोप लगाया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Oct 2025 08:00 PM
जुबिन गर्ग के प्रबंधक, महोत्सव आयोजक पर हत्या का आरोप लगाया गया
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम पुलिस ने सिंगापुर में गायक जुबिन गर्ग की मौत के सिलसिले में उनके प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा और महोत्सव के आयोजक श्यामकानु महंत पर हत्या का आरोप लगाया है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. शर्मा और महंत को बुधवार को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था.

असम पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के विशेष पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि गुवाहाटी की एक अदालत ने दोनों आरोपियों को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया, जिसके बाद उनसे पूछताछ जारी है.

गुप्ता ने कहा, “जांच जारी है और मैं ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकता. हमने अब प्राथमिकी में बीएनएस की धारा-103 जोड़ दी है.” भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-103 हत्या के लिए सजा से संबंधित है. इसमें हत्या के दोषी व्यक्ति को उम्रकैद या मौत की सजा और जुर्माने से दंडित किए जाने का प्रावधान है.

पुलिस ने बुधवार को बताया था कि शर्मा और महंत पर गैर-इरादतन हत्या, आपराधिक साजिश व लापरवाही से मौत के लिए जिम्मेदार होने के आरोप में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. महंत असम के पूर्व डीजीपी भास्कर ज्योति महंत के छोटे भाई हैं. ज्योति वर्तमान में असम राज्य सूचना आयोग के मुख्य सूचना आयुक्त हैं. उनके बड़े भाई नानी गोपाल महंत गुवाहाटी विश्वविद्यालय का कुलपति पद संभालने से पहले मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के शिक्षा सलाहकार थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu