आईसीसी ने जारी किया नया वर्ल्ड कप शेड्यूल, भारत-पाकिस्तान महामुकाबले की तारीख बदली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Aug 2023 09:29 PM
आईसीसी ने जारी किया नया वर्ल्ड कप शेड्यूल, भारत-पाकिस्तान महामुकाबले की तारीख बदली
ऑडियो सुनें

दुबई. वनडे विश्व कप की नौ मुकाबलों की तारीख में बदलाव हुआ है. भारत और पाकिस्तान का मैच अब 15 अक्तूबर की बजाय 14 अक्तूबर को खेला जाएगा.

आईसीसी ने वनडे विश्व कप 2023 का नया शेड्यूल जारी कर दिया है. 27 जून को आईसीसी ने शेड्यूल जारी किया था. जिसमें अब कुछ सुधार किया गया है. यह टूर्नामेंट पांच अक्तूबर से 19 नवंबर के बीच भारत में खेला जाएगा, लेकिन कुछ मैचों की तारीख बदल गई हैं. पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियंस इंग्लैंड और उपविजेता न्यूजीलैंड के बीच ही होगा. यही दोनों टीमें 2019 विश्व कप के फाइनल में आमने-सामने थीं. यही दोनों टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पांच अक्तूबर को टूर्नामेंट का पहला मैच खेलेंगी. वहीं, भारत का पहला मैच आठ अक्तूबर को चेन्नई के मैदान में ऑस्ट्रेलिया के साथ होगा. कुल नौ मैचों को री-शेड्यूल किया गया है. भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला अब 15 अक्तूबर को नहीं बल्कि 14 अक्तूबर को खेला जाएगा.

जिन नौ मैचों के शेड्यूल में बदलाव हुआ, उनमें से आठ मैचों की तारीखें बदली गयीं, जबकि एक मैच के समय में बदलाव किया गया है. भारत और पाकिस्तान का मैच अब 15 अक्तूबर की बजाय 14 अक्तूबर को खेला जाएगा. इस वजह से 14 अक्तूबर को इंग्लैंड और अफगानिस्तान के बीच होने वाला मैच 15 अक्तूबर को होगा. पाकिस्तान और श्रीलंका का मैच अब 12 अक्तूबर की बजाय 10 अक्तूबर को होगा. ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका का मैच 13 अक्तूबर की बजाय 12 अक्तूबर को होगा. न्यूजीलैंड और बांग्लादेश का मैच 14 अक्तूबर की बजाय 13 अक्तूबर को होगा. इंग्लैंड और बांग्लादेश के बीच धर्मशाला में होने वाला मैच दोपहर की बजाय सुबह 10.30 बजे शुरू होगा. भारत-पाकिस्तान के अलावा टीम इंडिया के नीदरलैंड के खिलाफ मैच को भी री-शेड्यूल किया गया.

इन मैचों को री-शेड्यूल किया गया: आईसीसी द्वारा इन मैचों के शेड्यूल में किया गया बदलाव

10 अक्तूबर : इंग्लैंड बनाम बांग्लादेश (समय में बदलाव)
10 अक्तूबर : पाकिस्तान बनाम श्रीलंका (पहले यह मैच 12 अक्तूबर को होना था)
12 अक्तूबर : ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका (पहले यह मैच 13 अक्तूबर को होना था)
13 अक्तूबर : न्यूजीलैंड बनाम बांग्लादेश (पहले यह मैच 14 अक्तूबर को होना था)
14 अक्तूबर : भारत बनाम पाकिस्तान (पहले यह मैच 15 अक्तूबर को होना था)
15 अक्तूबर : इंग्लैंड बनाम अफगानिस्तान (पहले यह मैच 14 अक्तूबर को होना था)
11 नवंबर :ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश (पहले यह मैच 12 नवंबर को होना था)
11 नवंबर : इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान (पहले यह मैच 12 नवंबर को होना था)
12 नवंबर : भारत बनाम नीदरलैंड (पहले यह मैच 11 नवंबर को होना था)

नवरात्रि की वजह से मैच की तारीख में अहम बदलाव
दरअसल, पहले के शेड्यूल के मुताबिक 15 अक्तूबर को भारत-पाकिस्तान के बीच मैच वाले दिन नवरात्रि का पहला दिन होता. गुजरात में रात भर गरबा नृत्य के साथ इसे मनाया जाता है. सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा चिंताओं के कारण बीसीसीआई को किसी अन्य तारीख पर मैच कराने की सलाह दी थी. इसके बाद आईसीसी और बीसीसीआई ने पीसीबी से पाकिस्तान टीम के दो ग्रुप मैचों की तारीख में बदलाव को लेकर बात की थी. इस पर पाकिस्तान राजी हो गया और अब यह महामुकाबला 14 अक्तूबर को खेला जाएगा.

वहीं, भारत-पाकिस्तान मैच 14 अक्तूबर को होने की वजह से पाकिस्तानी टीम को दो मैचों के बीच गैप देने के लिए 12 अक्तूबर के उसके मुकाबले को 10 अक्तूबर को शिफ्ट किया गया. अब पाकिस्तान की टीम 12 अक्तूबर की जगह 10 अक्तूबर को श्रीलंका के खिलाफ हैदराबाद में उतरेगी. यह फैसला टीम इंडिया के खिलाफ होने वाले मैच से पहले तीन दिन का अंतराल सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है, ताकि पाकिस्तान को तैयारी का सही समय मिल सके.

भारत के 10 शहरों में होंगे मुकाबले
विश्व कप के मैच भारत के 10 शहरों में खेले जाएंगे. हैदराबाद, अहमदाबाद, धर्मशाला, दिल्ली, चेन्नई, लखनऊ, पुणे, बेंगलुरु, मुंबई और कोलकाता में मुकाबले हैं. हैदराबाद के अलावा गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम 29 सितंबर से 3 अक्तूबर तक अभ्यास मैचों की मेजबानी करेंगे. इस विश्व कप में कुल 10 टीमें भाग लेंगी. श्रीलंका और नीदरलैंड की टीमें क्वालिफायर्स के तहत इस टूर्नामेंट में पहुंची हैं.

राउंड रॉबिन फॉर्मेट में होगा विश्व कप
इस विश्व कप में सभी टीमें बाकी नौ टीमों के साथ राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेलेंगी. इनमें से अंक तालिका में शुरुआती चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी और यहां जीतने वाली टीमें फाइनल में भिडे़ंगी. पिछली बार इंग्लैंड में भी इसी फॉर्मेट में विश्व कप का आयोजन हुआ था. तब इंग्लिश टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu