
कांकेर. जिले की सीमा से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 लाख 50 हजार 230 रुपए का माल जब्त किया है तथा चार आरोपी गिरफतार किए हैं।
पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि गट्टा पुलिस ने जांभलीझोरा गांव में छापेमारी कर प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू, पैकिंग मशीन और स्कॉर्पियो वाहन समेत कुल 22 लाख 50 हजार 230 रुपए का माल जब्त किया है तथा पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मामले से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गट्टा पुलिस ने जब्त सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपनिरीक्षक दयानंद भोंबे इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत जोहन कुजूर, साईनाथ कन्नाके, सचिन कन्नाके और अभिजित नान्हे के रूप में हुई है। वहीं, मामले में प्रशांत याडवार फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।



