
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे) नागपुर मंडल क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास को गति देने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।
नागपुर के रामदासपेठ स्थित होटल तुली इंपीरियल में आयोजित यह बैठक राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय की अध्यक्षता तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश की विशेष उपस्थिति में सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक के आरंभ में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि सांसदों के बहुमूल्य सुझाव और मार्गदर्शन से रेल सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी। इस दौरान उप-महाप्रबंधक (सामान्य) द्वारा एक विशेष प्रेजेंटेशन के माध्यम से नागपुर मंडल की उपलब्धियों, अधोसंरचना विस्तार, अमृत भारत स्टेशन योजना, ‘वन स्टेशन वन प्रॉडक्ट’, ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने (क्षमता आवर्धन), दिव्यांगजन सुविधाओं और ‘मेरी सहेली अभियान’ सहित महिला सुरक्षा व रेल मदद हेल्पलाइन (139) से जुड़े कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया गया।
बैठक में उपस्थित सांसदों ने मंडल में चल रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों की स्थानीय जनआकांक्षाओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, विभिन्न ट्रेनों के नए ठहराव, नई रेल सेवाएं शुरू करने तथा रेल परिचालन में समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया। महाप्रबंधक ने सांसदों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर नियमानुसार प्राथमिकता से त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में सांसद बंटी विवेक साहू (छिंदवाड़ा), श्याम कुमार दौलत बर्वे (रामटेक), डॉ. प्रशान्त यादवरावजी पडोले (भंडारा), नामदेव किरसान (गढ़चिरोली–चिमूर), भारती पारधी (बालाघाट), सुमित्रा बाल्मिक (जबलपुर), माया चिंतामन इवनाते (नागपुर) और राजेन्द्र जैन (गोंदिया) शामिल हुए। इसके अलावा सांसद डॉ. फग्गन सिंह कुलस्ते के प्रतिनिधि रोचिराम गुरवानी, सांसद प्रतिभा सुरेश धानोरकर के प्रतिनिधि बी. आर. शेगांवकर तथा सांसद प्रफुल पटेल के प्रतिनिधि व विधायक (तुमसर) राजू मानिकराव कारमोरे ने भी शिरकत की।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (नागपुर) दीपक कुमार गुप्ता, जोनल मुख्यालय के विभागाध्यक्ष व मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में उप-महाप्रबंधक (सामान्य) समीर कान्त माथुर ने सभी सांसदों व प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।



