मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 10 लोग घायल, दो की हालत गंभीर

बांद्रा टर्मिनस भगदड़: मध्य रेलवे ने भीड़ को रोकने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया

मुंबई. मुंबई में बांद्रा रेलवे स्टेशन पर रविवार तड़के गोरखपुर जाने वाली एक ट्रेन में चढ़ने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ के बीच धक्का-मुक्की के दौरान मची भगदड़ में 10 लोग घायल हो गए जिनमें से दो की हालत गंभीर है . नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. इस बीच, पश्चिमी रेलवे ने एक बयान में कहा कि घटना में दो लोग घायल हो गए. आंकड़ों का तुरंत मिलान नहीं किया जा सका है. उधर, नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि 10 घायलों में से दो की हालत गंभीर है.

सूत्रों के अनुसार, दिवाली और छठ के आगामी उत्सवों के मद्देनजर अपने घरों को जाने की योजना बना रहे लोग बड़ी संख्या में बांद्रा र्टिमनल पहुंचे. जब अनारक्षित ट्रेन को एक प्लेटफॉर्म पर लाया जा रहा था तो कई यात्री उसमें चढ़ने के लिए दौड़ पड़े. नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब बड़ी संख्या में लोग 22921 बांद्रा-गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस पर चढ़ने के लिए बांद्रा र्टिमनल की प्लेटफॉर्म संख्या एक पर मौजूद थे.

पश्चिम रेलवे ने बताया कि यह घटना देर रात दो बजकर 45 मिनट पर बांद्रा र्टिमनल की प्लेटफॉर्म संख्या एक पर हुई जब अंत्योदय एक्सप्रेस बांद्रा र्टिमनल यार्ड से प्लेटफॉर्म की ओर ”धीरे-धीरे बढ़” रही थी. पश्चिम रेलवे ने सुबह करीब साढ़े 10 बजे जारी बयान में कहा, ”इस दौरान प्लेटफॉर्म पर कुछ यात्रियों ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, जिससे एक दुर्घटना में दो यात्री नीचे गिर गए और घायल हो गए.” रेलवे सूत्रों ने कहा कि प्रथम दृष्टया, कुछ लोग डिब्बों से टकराने के बाद या दो डिब्बों के बीच की जगह को पार करने की कोशिश करते समय प्लेटफॉर्म पर गिर गए.

पश्चिम रेलवे के एक अधिकारी ने कहा, ”आदर्श रूप से डिब्बों के दरवाजे तभी खोले जाते हैं जब ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह रुक जाती है, जिसके बाद यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से कतारबद्ध होकर ट्रेन में चढ़ने की अनुमति मिलती है.” बयान में कहा गया है, ”ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ, जीआरपी और होम गार्ड के अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की और घायल यात्रियों को नजदीकी भाभा गवर्नमेंट हॉस्पिटल में भर्ती कराया.” ज्यादातर घायलों की स्थिति स्थिर है, लेकिन दो घायलों की हालत गंभीर है.

बहरहाल, मुंबई आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और नगर निकाय के एक अधिकारी के अनुसार, अनारक्षित ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान भीड़भाड़ वाले ट्रेन र्टिमनल पर भगदड़ में 10 यात्री घायल हो गए. नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों की पहचान शबीर अब्दुल रहमान (40), परमेश्वर सुखदर गुप्ता (28), रवींद्र हरिहर चूमा (30), रामसेवक रवींद्र प्रसाद प्रजापति (29), संजय तिलकराम कांगे (27), दिव्यांशु योगेंद्र यादव (18), मोहम्मद शरीफ शेख (25), इंद्रजीत साहनी (19) और नूर मोहम्मद शेख (18) के रूप में की गयी है.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि साहनी और नूर मोहम्मद शेख की हालत गंभीर है और उनका केईएम अस्पताल में उपचार हो रहा है. नूर को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है. पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से चलती ट्रेन में न चढ़ने और उतरने का अनुरोध किया है, क्योंकि यह खतरनाक है. उसने एक बयान में कहा कि पश्चिम रेलवे आगामी दिवाली और छठ उत्सवों के मद्देनजर विभिन्न गंतव्यों, खासतौर से उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए 130 से अधिक विशेष ट्रेन चला रहा है.

एक अन्य वीडियो बयान में पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि निर्धारित प्रस्थान से करीब ढाई घंटे पहले तड़के पांच बजकर 10 मिनट पर ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर वापस लाया जा रहा था. उन्होंने बताया, ”दुर्भाग्यपूर्ण रूप से, कुछ यात्रियों ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, जिसके कारण वे घायल हो गए.” पश्चिम रेलवे के अधिकारी ने कहा कि त्योहारी मौसम पर विचार करते हुए उन्होंने मुंबई सेंट्रल, बांद्रा, वलसाड, उधना और अन्य स्टेशन से विशेष रेलगाड़ियों के 2,300 फेरों के लिए एक अधिसूचना जारी की है. उन्होंने बताया कि रेलवे ने यात्रियों के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर भी बनाए हैं.

पश्चिम रेलवे ने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए टिकटिंग र्किमयों के साथ ही राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मी पर्याप्त संख्या में स्टेशन पर तैनात हैं. इस बीच, घटना की कुछ कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी हैं और एक वीडियो में पैर में चोट के साथ एक व्यक्ति को प्लेटफॉर्म पर गिरे हुए और अन्य यात्रियों को उस पर ध्यान दिए बगैर ट्रेन में चढ़ते हुए देखा जा सकता है.

एक वीडियो में, आरपीएफ के एक अधिकारी को घायल यात्री को अपने कंधे पर ले जाते हुए, जबकि एक अन्य वीडियो में आरपीएफ के एक अधिकारी को कुछ यात्रियों के साथ एक घायल व्यक्ति को कपड़े का अस्थायी स्ट्रेचर बनाकर ले जाते हुए देखा गया.
पश्चिम रेलवे के एक सूत्र ने बताया, ”सामान्य तौर पर ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकने के बाद बोगियों के दरवाजे खोले जाते हैं और फिर यात्री ट्रेन में चढ़ते हैं.”

बांद्रा टर्मिनस भगदड़: मध्य रेलवे ने भीड़ को रोकने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया

त्योहारी मौसम में रेलवे स्टेशन पर उमड़ रही भीड़ को कम करने के लिए मध्य रेलवे ने रविवार को प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर अस्थायी तौर पर प्रतिबंध लगा दिया. यह कदम पश्चिमी रेलवे के बांद्रा टर्मिनस पर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जाने के लिए ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने के दौरान नौ लोगों के घायल होने के कुछ घंटों बाद उठाया गया.

यहां देर रात 2.45 बजे अनारक्षित बांद्रा र्टिमनस-गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस में प्रवेश करने की कोशिश करते समय नौ लोग घायल हो गए. यह ट्रेन तड़के 5.10 बजे अपने निर्धारित प्रस्थान से पहले यार्ड से प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आ रही थी. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं.

मध्य रेलवे ने एक विज्ञप्ति में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज र्टिमनस (सीएसएमटी), दादर, कुर्ला एलटीटी, ठाणे, कल्याण, पुणे और नागपुर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाएगा. वहीं, पश्चिम रेलवे ने कहा कि मुंबई सेंट्रल, दादर, बांद्रा र्टिमनस, बोरीवली, वसई रोड, वापी, वलसाड, उधना और सूरत स्टेशनों पर आठ नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है.

विज्ञप्ति में कहा गया, ”दीपावली और छठ के त्योहरी मौसम के दौरान अपेक्षित भीड़ को प्रबंधित करने के लिए लगाया गया प्रतिबंध आठ नवंबर तक जारी रहेगा. इस कदम का उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर भीड़ को प्रबंधित करना और स्टेशन परिसर के भीतर यात्रियों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करना है.” इसमें कहा गया, ”वरिष्ठ नागरिकों और चिकित्सा आवश्यकताओं वाले लोगों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है. यात्रियों से त्योहारी अवधि के दौरान सुचारू और सुरक्षित यात्रा अनुभव के लिए नए नियमों का पालन करने का आग्रह किया जाता है.” वहीं, एक अन्य विज्ञप्ति में मध्य रेलवे ने कहा कि वह दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए सीएसएमटी और गोरखपुर के बीच दो अतिरिक्त अनारक्षित ट्रेन चलाएगा.

इसने कहा कि 01019 अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 28 अक्टूबर को अपराह्न 2:30 बजे सीएसएमटी मुंबई से प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 11 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. वहीं, 01020 अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 30 अक्टूबर को रात 12:45 बजे गोरखपुर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 10:35 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी. ये ट्रेन दादर, ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती में रुकेंगी.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button