इंडोनेशिया में चीनी स्वामित्व वाले निकेल संयंत्र की भट्ठी में विस्फोट, 13 लोगों की मौत, 46 घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Dec 2023 10:04 PM
इंडोनेशिया में चीनी स्वामित्व वाले निकेल संयंत्र की भट्ठी में विस्फोट, 13 लोगों की मौत, 46 घायल
ऑडियो सुनें

पालू. इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप पर चीनी स्वामित्व वाले निकेल संयंत्र में रविवार को एक धातु गलाने वाली भट्टी में विस्फोट हो गया, जिसमें कम से कम 13 कर्मचारियों की मौत हो गयी जबकि करीब 46 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस और कंपनी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

इंडोनेशिया में निकेल गलाने वाले संयंत्रों में होने वाली घातक दुर्घटनाओं के मद्देनजर यह ताजा घटना है. यह चीन के महत्वाकांक्षी अंतरराष्ट्रीय विकास कार्यक्रम का हिस्सा है जिसे ‘बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव’ के नाम से जाना जाता है. इले्ट्रिरक वाहनों के लिए वैश्विक स्तर पर बैटरी के उत्पादन में निकेल एक प्रमुख घटक है. सेंट्रल सुलावेसी के पुलिस प्रमुख अगस नुगरोहो ने कहा कि भट्ठी की मरम्मत के दौरान अचानक विस्फोट होने से कम से कम चार चीनी और नौ इंडोनेशियाई श्रमिकों की मौत हो गई.

नुगरोहो ने कहा कि यह विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसने भट्ठी को ध्वस्त कर दिया और संयंत्र की इमारत की बगल की दीवारों के कुछ हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर दिया. उन्होंने कहा कि इस हादसे में 14 चीनी नागरिकों समेत करीब 46 श्रमिक घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है. नुगरोहो ने कहा कि अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या कंपनी की लापरवाही के कारण यह मौतें हुईं.

यह हादसा पीटी इंडोनेशिया मोरोवाली औद्योगिक पार्क की सहायक कंपनी पीटी इंडोनेशिया त्सिंगशान स्टेनलेस स्टील में हुई, जिसे पीटी आईएमआईपी के नाम से जाना जाता है. कंपनी के एक प्रवक्ता डेडी कुर्नियावान ने कहा, ” हम इस घटना के लिए ईमानदारी से माफी मांगते हैं और हम दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं.” उन्होंने बताया कि बचावर्किमयों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पा लिया और श्रमिकों को बाहर निकाला.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu