पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में भीषण सड़क दुर्घटना में 18 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Aug 2023 07:23 PM
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में भीषण सड़क दुर्घटना में 18 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

लाहौर. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक राजमार्ग पर रविवार सुबह भीषण सड़क दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी तथा 16 अन्य घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि कराची से 40 यात्रियों को लेकर इस्लामाबाद जा रही बस सुबह करीब साढ़े चार बजे फैसलाबाद राजमार्ग (मोटरवे) के पिंडी भट्टियां क्षेत्र में एक वैन से टकरा गई.

मोटरवे पुलिस के महानिरीक्षक (आईजी) सुल्तान ख्वाजा ने कहा, ”मोटरवे के पिंडी भट्टियां क्षेत्र में बस ने एक खड़ी वैन में टक्कर मार दी जो ईंधन टैंक ले जा ही थी. बस ने उसे पीछे से टक्कर मारी और दोनों वाहनों में फौरन आग लग गयी जिससे कम से कम 18 यात्रियों की मौत हो गयी.” उन्होंने बताया कि 16 अन्य घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. आईजी ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है.

उन्होंने बताया कि बस से कूदकर बाहर निकलने वाले यात्री बच गए हैं. अन्य लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला क्योंकि दोनों वाहन आग की चपेट में आ गए थे. दोनों वाहनों के चालकों की भी मौत हो गयी है. आईजी ख्वाजा ने कहा कि अभी पता नहीं चला है कि ”क्या बस चालक को नींद आ गयी थी या तेज गति के कारण यह हादसा हुआ.” उन्होंने बताया कि अगर वैन में ईंधन टैंक नहीं होता तो दोनों वाहनों में आग नहीं लगती.

उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त डीएनए जांच के जरिए की जाएगी जिसके बाद शव उनके परिवार को सौंपे जाएंगे. पंजाब के कार्यवाहक मुख्यमंत्री मोहसिन नकवी ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है और संबंधित प्राधिकारियों को घायलों को बेहतर उपचार मुहैया कराने का निर्देश दिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu