देश में कोविड-19 के 3,324 नए मामले, 40 मरीजों की मौत

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sun, 01 May 2022 11:04 AM
देश में कोविड-19 के 3,324 नए मामले, 40 मरीजों की मौत
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 3,324 नए मामले सामने आने से देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,79,188 हो गई. स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, भारत में संक्रमण से 40 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5,23,843 पर पहुंच गई है. वहीं, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 19,092 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है. पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 403 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वहीं, संक्रमण से उबरने की राष्ट्रीय दर 98.74 प्रतिशत है.

अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 0.71 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.68 प्रतिशत है. देश में अभी तक कुल 4,25,36,253 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.22 प्रतिशत है. वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 189.17 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं.

गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news