
नयी दिल्ली. नाडा ने हाल में राष्ट्रीय अतंर राज्यीय चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाली भारत की शीर्ष महिला 400 मीटर धाविका दीपांशी को डोप जांच में विफल होने के कारण निलंबित किया. दीपांशी (21 साल) ने शुक्रवार को पंचकुला में महिलाओं के 400 मीटर फाइनल में किरण पहल (50.92 सेकेंड) के बाद 52.01 सेकेंड के समय से दूसरा स्थान हासिल किया था.
टूर्नामेंट के दौरान लिये गये डोप नमूने में ‘एनाबोलिक स्टेरायड’ मिला है. ये नमूने 27 जून को (हीट रेस के बाद या सेमीफाइनल में) लिये गये. राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैम्पियनशिप (27 से 30 जून) में यह पहला डोप पॉजिटिव मामला सामने आया है जो पेरिस ओलंपिक के लिए अंतिम क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी था. दीपांशी राष्ट्रीय शिविर में ट्रेनिंग नहीं करतीं.



