अगस्त-सितंबर में शुरू होगी 5जी सेवाएं, इस साल के अंत तक 20-25 शहरों में होगा विस्तार: वैष्णव

नयी दिल्ली. दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि साल के अंत तक 20-25 शहरों और कस्बों में 5जी सेवाओं की शुरुआत हो जाएगी. उन्होंने साथ ही संकेत दिया कि नई सेवाओं की शुरुआत के साथ भारत में डेटा कीमतें दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले कम बनी रहेंगी. भारत में डेटा की मौजूदा कीमतें वैश्विक औसत से काफी कम हैं. वैष्णव ने कहा कि 5जी की तैनाती अगस्त-सितंबर से शुरू होगी.

मंत्री ने कहा कि भारत 4जी और 5जी स्टैक विकसित कर रहा है, और डिजिटल नेटवर्क में दुनिया के लिए एक विश्वसनीय स्रोत के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए तैयार है. उन्होंने ‘टीवी9 – भारत आज क्या सोचता है’ वैश्विक शिखर सम्मेलन में कहा कि कई देश भारत द्वारा विकसित किए जा रहे 4जी और 5जी उत्पादों और प्रौद्योगिकियों को प्राथमिकता देना चाहते हैं. वैष्णव ने बताया कि अवांछित कॉलों के मुद्दे को हल करने के लिए मंत्रालय एक महत्वपूर्ण नियमन पर काम कर रहा है. इसके तहत किसी भी कॉल करने वाले के केवाईसी-पहचान वाले नाम को जाना जा सकेगा.

उन्होंने 5जी सेवाओं पर कहा, ‘‘मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि साल के अंत तक कम से कम 20-25 शहरों और कस्बों में 5जी की तैनाती हो जाएगी.’’ 5जी सेवाओं के मूल्य निर्धारण के बारे में पूछने पर वैष्णव ने कहा कि आज भी भारत में डेटा दरें लगभग दो अमेरिकी डॉलर हैं, जबकि वैश्विक औसत 25 अमेरिकी डॉलर है. उन्होंने कहा कि यही प्रवृत्ति अन्य क्षेत्रों में भी होगी.

रेलवे अधिनियम को मजबूत बनाने की जरूरत, इस दिशा में कदम उठाएंगे

‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान देश के कुछ हिस्सों में ट्रेन सेवाओं के बाधित होने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने के मद्देनजर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि सरकार रेलवे की संपत्ति की रक्षा के लिए रेलवे अधिनियम को और मजबूत करने की दिशा में काम करेगी. वैष्णव ने ‘टीवी9 ग्लोबल समिट’ में प्रदर्शनकारियों से कानून हाथ में न लेने की भी अपील की.

उन्होंने कहा, ”सरकार आपकी सभी ंिचताओं को सुनेगी और उनका समाधान किया जाएगा.” सशस्त्र बलों में अल्पकालिक आधार पर भर्ती के लिए केंद्र की ओर से पेश की गई ‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ बिहार और अन्य राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. प्रदर्शनों के दौरान शुक्रवार को 340 से अधिक ट्रेन प्रभावित हुईं और सात से अधिक ट्रेन में आग लगा दी गई.

वैष्णव ने कहा, ”हमें यह समझना होगा कि रेलवे आपकी अपनी संपत्ति है और यह उस वर्ग को सेवा प्रदान करती है, जो उड़ानों का खर्च नहीं उठा सकते और जहां उड़ान सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं.” उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि रेलवे अधिनियम को और मजबूत बनाने की जरूरत है तथा हम इस पर काम करेंगे ताकि रेलवे संपत्ति की और अच्छी तरह सुरक्षा की जा सके.” फिलहाल रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ भारतीय रेलवे अधिनियम की धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया जाता है, जिसमें अधिकतम सात साल की कैद का प्रावधान है.

सोशल मीडिया को अधिक जवाबदेह बनाने के लिए कानून में बदलाव करेंगे, नियमन लाएंगे: वैष्णव

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि सोशल मीडिया मंचों को और जवाबदेह बनाने पर देश में स्पष्ट रूप से सहमति है. उन्होंने कहा कि सरकार इसके लिए आवश्यक कानूनी बदलाव और नियमन लाएगी. वैष्णव ने कहा कि मोबाइल फोन पर इंटरनेट सुविधा और सोशल मीडिया मंच शक्तिशाली और परिवर्तनकारी बदलाव लेकर आए हैं लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी का अहसास भी आना चाहिए. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल दुनिया को और जवाबदेह बनाने की जरूरत है.

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने ‘‘टीवी9 आज क्या सोचता है भारत वैश्विक सम्मेलन’’ में कहा, ‘‘कानून में जो भी बदलाव करने पड़ेंगे, हम करेंगे. मीडिया समूहों के भीतर स्व-नियमन जरूरी है. स्व-नियमन किया जाएगा लेकिन जब भी जरूरत होगी, सोशल मीडिया को जवाबदेह बनाने के लिए हम सभी कदम उठाऐंगे.’’ वैष्णव कहा कि संसद के भीतर और बाहर भी, देश में इस पर सहमति है कि सोशल मीडिया को जवाबदेह बनाना आवश्यक है. उन्होंने कहा, ‘‘आप दुनियाभर में भी देखें तो सोशल मीडिया को जवाबदेह बनाने का ही रूझान है. भारत में भी ऐसा ही है और जैसा कि मैंने कहा कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे.’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button