नगालैंड में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में 79 उम्मीदवारों ने वापस लिया नामांकन

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 19 Jun 2024 01:04 PM
नगालैंड में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में 79 उम्मीदवारों ने वापस लिया नामांकन
ऑडियो सुनें

कोहिमा: नगालैंड में आगामी शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) चुनाव से कुल 79 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। राज्य निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मंगलवार को नामांकन वापसी का आखिरी दिन था।

पूर्वी नगालैंड के क्षेत्रों सहित राज्य के तीन नगर निगम और 36 नगर पालिका परिषदों के लिए 238 महिलाओं सहित कुल 669 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि शमतोर नगर पालिका परिषद से 17, लोंगलेंग नगर पालिका परिषद से 13, तिजित नगर पालिका परिषद से नौ, चीफोबोजोउ नगर पालिका परिषद, पुंगरो और नागिनिमोरा नगर परिषद से से आठ-आठ, अबोई नगर पालिका परिषद से चार, दीमापुर नगर परिषद से तीन, कोहिमा, मोकोकचुंग, वोखा, जुन्हेबोटो, चोजुबा, अघुनातो, अटोइजु, पेरेन और निउलैंड नगर पालिका परिषद से एक-एक व्यक्ति ने अपना नामांकन वापस लिया है।

नगालैंड में 26 जून को शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा। राज्य में 20 साल बाद शहरी स्थानीय निकाय चुनाव कराए जाएंगे। आखिरी बार साल 2004 में ये चुनाव हुए थे। राज्य में पहली बार शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण होगा।

इस बीच, पूर्वी नगालैंड पीपुल्स आॅर्गनाइजेशन (ईएनपीओ) के क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली 14 नगर पालिका परिषदों में कुल 61 लोगों ने नामांकन दाखिल किए, जबकि ईएनपीओ ने चुनावों से दूर रहने के आह्वान किया था। जांच के दौरान दो नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए, जबकि मंगलवार तक 59 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिए। इसके साथ ही, ईएनपीओ क्षेत्र में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं बचा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav