‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत देहरादून में अब तक 82 ढोंगी बाबा गिरफ्तार

दिल्ली के शाहदरा में कांवड़ मार्ग पर कांच के टुकड़े मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज

देहरादून/नयी दिल्ली. उत्तराखंड सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत देहरादून जिले में पुलिस ने रविवार को साधु-संतों के भेष में कथित रूप से लोगों को ठगने वाले 34 और बहरूपियों को गिरफ्तार किया . इसके साथ ही देहरादून जिले में अब तक इस अभियान के तहत 82 ढोंगी बाबाओं की गिरफ्तारी हो चुकी है.

देहरादून जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर बृहस्पतिवार को शुरू किए गए अभियान के तहत पुलिस ने अनेक टीमें गठित की हैं और ऐसे विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है जहां ढोंगी बाबाओं द्वारा धर्म की आड में लोगों की भावनाओं व आस्था से खिलवाड़ कर ठगी करने का प्रयास करने की सूचनाएं मिल रही हैं.

उन्होंने बताया कि रविवार को जिले भर में 34 ढोंगी बाबाओं को गिरफ्तार किया गया जिनमें से 23 अन्य राज्यों के रहने वाले हैं . सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिनों में जिले भर में ऐसे 82 बाबाओं को गिरफ्तार किया गया है और इनके विरुद्ध भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है .

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार ढोंगी बाबाओं में से एक बांग्लादेशी नागरिक रूकन रकम उर्फ शाह आलम भी है जिसे शुक्रवार को देहरादून जिले के सहसपुर क्षेत्र से पकड़ा गया था. उन्होंने कहा कि यह अभियान अभी जारी रहेगा . सिंह ने कहा कि इस समय प्रदेश में जारी चारधाम यात्रा तथा कांवड़ यात्रा का सहारा लेकर ढोंगी बाबा और सक्रिय हो गए हैं जिनके लाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

कालनेमि एक असुर था जिसका दोनों प्रमुख हिंदू धर्मग्रंथों- रामायण और महाभारत में उल्लेख है . रावण के मामा मारीच के पुत्र कालनेमि ने साधु का भेष धारण कर लक्ष्मण की मूर्छा को तोड़ने के लिए संजीवनी बूटी ला रहे हनुमान का रास्ता रोकने का प्रयास किया था . हालांकि, हनुमान उसकी असलियत समझ गए और उन्होंने उसका वध कर दिया था . महाभारत काल में कालनेमि का पुनर्जन्म कंस के रूप में हुआ जिसका संहार भगवान कृष्ण ने किया .

अधिकारियों को इस अभियान की शुरूआत करने का निर्देश देते हुए बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री ने कहा था कि जिस प्रकार असुर कालनेमि ने साधु का भेष धारण कर भ्रमित करने का प्रयास किया था, वैसे ही आज समाज में कई ‘कालनेमि’ सक्रिय हैं जो धार्मिक भेष धारण कर अपराध कर रहे हैं.

दिल्ली के शाहदरा में कांवड़ मार्ग पर कांच के टुकड़े मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज

दिल्ली पुलिस ने शाहदरा के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) और झिलमिल कॉलोनी इलाकों में सड़कों पर टूटे हुए कांच के टुकड़े बिखरे पाए जाने के बाद मामला दर्ज किया है. ये दोनों इलाके कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित हैं. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि कांच किसी क्षतिग्रस्त वाहन का था या बदमाशों ने जानबूझकर फेंका था.

उन्होंने बताया कि इस संबंध में सीमापुरी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है. यह घटना तब प्रकाश में आई, जब दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार को सोशल मीडिया पर यह मामला उठाया. उन्होंने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की और आश्वासन दिया कि कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिसर्किमयों को तैनात किया गया और उन्होंने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फ्लाईओवर के पास तथा आसपास के कांवड़ शिविरों में गश्त की. शिविरों में से एक में विश्राम कर रहे कांवड़ यात्री रमन ने कहा कि अब तक यात्रा शांतिपूर्ण रही है.

रमन ने कहा, ” सभी व्यवस्थाएं अच्छी हैं और हमें कोई समस्या नहीं है. हमने फ्लाईओवर पर कुछ कांच के टुकड़े देखे, लेकिन कई लोग रात में भी सड़कें साफ कर रहे थे.” कपिल मिश्रा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ” दिल्ली के शाहदरा में कुछ उपद्रवियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगभग एक किलोमीटर तक कांच के टुकड़े बिखेर दिए. लोक निर्माण विभाग और निगम के कर्मचारी सड़क साफ कर रहे हैं. स्थानीय विधायक संजय गोयल मौके पर मौजूद हैं और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी मामले का संज्ञान लिया है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button