दीर अल-बलाह (गाजा पट्टी). उत्तरी गाजा में कई मकानों पर इजराइली हमलों में 87 लोग मारे गए हैं या लापता हैं. गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी. मंत्रालय ने कहा कि बेत लहिया शहर पर शनिवार को रातभर और रविवार को हुए हमलों में 40 लोग घायल भी हुए हैं. गाजा के उत्तरी छोर पर स्थित बेत लहिया, लगभग एक वर्ष पहले इजराइल के जमीनी हमले के पहले लक्ष्यों में से एक था.
तीन अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब अमेरिका वर्गीकृत दस्तावेजों को अनधिकृत रूप से जारी करने की जांच कर रहा है. एक अन्य अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि ये दस्तावेज वैध प्रतीत होते हैं. ईरान लेबनान में हमास और हिजबुल्ला आतंकवादी समूह का समर्थन करता है, जहां एक साल से बढ़ते तनाव ने पिछले महीने एक पूर्ण युद्ध का रूप ले लिया.
बेत लहिया में हमलों पर इजराइली सेना की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई. इसने हालांकि कहा कि वह ”गाजा में हवाई हमलों और जमीनी अभियानों दोनों को जारी रखे हुए है.” चिकित्सक रहीम खेदर के अनुसार मृतकों में दो दंपती और उनके चार बच्चे, तथा एक महिला, उसका बेटा और उसकी पुत्रवधू और उनके चार बच्चे शामिल हैं.
दक्षिणी लेबनान पर इजराइली हमले में तीन सैनिक मारे गए: लेबनानी सेना
लेबनानी सेना का कहना है कि दक्षिणी लेबनान में उनके वाहन पर इजराइली हमले में तीन सैनिक मारे गए. रविवार के हमले पर इजराइली सेना की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई. लेबनान की सेना इजराइल और हिजबुल्ला आतंकवादी समूह के बीच युद्ध में काफी हद तक दूर रही है. लेबनान में सेना एक सम्मानित संस्था है लेकिन वह इतनी शक्तिशाली नहीं है कि वह हिजबुल्ला पर अपनी इच्छा थोप सके या इजराइली हमले से देश की रक्षा कर सके.