डकेट का शतक, इंग्लैंड के दो विकेट पर 207 रन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 16 Feb 2024 07:02 PM
डकेट का शतक, इंग्लैंड के दो विकेट पर 207 रन
ऑडियो सुनें

राजकोट. रविचंद्रन अश्विन 500 टेस्ट विकेट के आंकड़े को छूने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय गेंदबाज बने लेकिन इंग्लैंड ने सलामी बल्लेबाज बेन डकेट के नाबाद तूफानी शतक से भारत के खिलाफ तीसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में दो विकेट पर 207 रन बनाकर अपना पलड़ा भारी रखा.

डकेट 118 गेंद में 21 चौकों और दो छक्कों से नाबाद 133 रन बनाकर खेल रहे हैं. उन्होंने जैक क्राउली (15) के साथ पहले विकेट के लिए 89 और ओली पोप (55 गेंद में 39 रन, पांच चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की. स्टंप के समय जो रूट नौ रन बनाकर उनका साथ निभा रहे थे.

भारत के पहली पारी के 445 रन से इंग्लैंड अब 238 रन पीछे है. इंग्लैंड के दबदबे का अंदाजा इस बात से लगता है कि उसने अब तक 35 ओवर में 32 बाउंड्री लगाई हैं जिसमें 29 चौके और तीन छक्के शामिल हैं. भारत ने पदार्पण कर रहे ध्रुव जुरेल (104 गेंद में 46 रन, दो चौके, तीन छक्के) और अश्विन (89 गेंद में 37 रन, छह चौके) के बीच आठवें विकेट की 77 रन की साझेदारी से पहली पारी में 445 रन बनाए. कप्तान रोहित शर्मा (131) और रविंद्र जडेजा (112) ने कल शतक जड़े थे.

जसप्रीत बुमराह (26 रन, 28 गेंद, तीन चौके, एक छक्का) और मोहम्मद सिराज (नाबाद 03) ने अंतिम विकेट के लिए 30 महत्वपूर्ण रन जोड़े. डकेट ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 19 चौकों की मदद से सिर्फ 88 गेंद में अपना तीसरा शतक पूरा किया. इससे पहले अनुभवी ऑफ स्पिनर अश्विन पूर्व कप्तान अनिल कुंबले के बाद 500 टेस्ट विकेट हासिल करने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बने.

अश्विन को यह उपलब्धि हासिल करने के लिए सिर्फ एक विकेट की दरकार थी. क्राउली उनकी गेंद को स्वीप करने के प्रयास में हवा में उछाल गए और शॉर्ट फाइन लेग पर रजत पाटीदार ने आसान कैच लपका. डकेट ने इंग्लैंड को तूफानी शुरुआत दिलाई. उन्होंने बुमराह पर पारी का पहला चौका जड़ने के बाद इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में दो और चौके मारे.

डकेट ने कुलदीप यादव का स्वागत दो चौकों के साथ किया और फिर सिर्फ 39 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. अश्विन ने अपने दूसरे ही ओवर में क्राउली को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई. डकेट को इसके बाद पोप के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला. पोप ने कुलदीप पर छक्का जड़ा जबकि डकेट ने अश्विन की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा.

डकेट ने सिराज पर लगातार दो चौकों के साथ 88 गेंद में शतक पूरा किया. वह हालांकि इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज की ओर से 86 गेंद में सबसे तेज शतक के क्राउली के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गए. सिराज ने पोप को पगबाधा करके इस साझेदारी को तोड़ा. मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर फैसला भारत के पक्ष में गया.

इससे पहले बल्लेबाजों के पिच के बीच में दौड़ने के लिए भारत पर पांच रन का जुर्माना लगाया गया जिससे इंग्लैंड ने पारी की शुरुआत बिना विकेट खोए पांच रन से की. सुबह के सत्र में दो विकेट जल्दी गिरने के बाद जुरेल और अश्विन ने पारी को संभाला. अश्विन बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में रेहान अहमद (85 रन पर दो विकेट) की गेंद को मिड ऑन पर जेम्स एंडरसन के हाथों में खेल गए.

जुरेल पदार्पण करते हुए अर्धशतक की ओर से बढ़ रहे थे लेकिन चार रन से चूक गए जब रेहान ने उन्हें विकेटकीपर बेन फोक्स के हाथों कैच कराया. जुरेल ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हुए तीन छक्के लगाए. उन्होंने मार्क वुड (114 रन पर चार विकेट) की 146 किमी प्रति घंटा से अधिक की शॉर्ट गेंद को स्लिप के ऊपर से छह रन के लिए भेजकर अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय बाउंड्री लगाई.

भाग्य ने भी जुरेल का साथ दिया जबकि पोप ने मिड विकेट और कप्तान बेन स्टोक्स ने लेग स्लिप में उनका कैच छोड़ा. दोनों मौकों पर जुरेल 32 रन पर थे. भारत ने दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 326 रन से करते हुए सुबह के सत्र में दो विकेट गंवाकर 62 रन जोड़े. जडेजा (225 गेंद में 112 रन, नौ चौके, दो छक्के) अपने कल के स्कोर में सिर्फ दो रन जोड़ने के बाद रूट को उन्हीं की गेंद पर आसान कैच देकर पवेलियन लौटे.

भारत ने इससे पहले दिन के चौथे ओवर में ही रात्रि प्रहरी कुलदीप यादव (04) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने एंडरसन की गेंद पर फोक्स को कैच थमाया. एंडरसन (41 वर्ष) टेस्ट क्रिकेट में 700 विकेट चटकाने वाला पहला तेज गेंदबाज बनने से सिर्फ चार विकेट दूर हैं.
अश्विन के पिच पर दौड़ने के कारण मैदानी अंपायर जोएल विल्सन ने भारतीय टीम पर पांच रन का जुर्माना लगाया. भारत को पहले दिन भी चेतावनी मिली थी जब जडेजा ने ऐसा किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu