भाजपा के विपक्षी नेताओं को ‘डराकर’ ‘खरीद-फरोख्त’ करने पर प्रधानमंत्री मोदी से बात की: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 16 Feb 2024 10:57 PM
भाजपा के विपक्षी नेताओं को ‘डराकर’ ‘खरीद-फरोख्त’ करने पर प्रधानमंत्री मोदी से बात की: खरगे
ऑडियो सुनें

पुणे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भाजपा के विपक्षी नेताओं की ”खरीद-फरोख्त” करने को लेकर बात की थी. खरगे ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्षी नेताओं को डरा-धमकाकर उन्हें अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए मजबूर कर रही है. उन्होंने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के हाल ही में भाजपा में शामिल होने की पृष्ठभूमि में कहा कि इस तरह पाला बदलना एक ‘कायरतापूर्ण’ कृत्य है.

खरगे ने यहां लोनावला में कांग्रेस पदाधिकारियों के लिए दो दिवसीय राज्यस्तरीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में यह बात कही. कांग्रेस अध्यक्ष ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ”संसद में चाय पर एक बैठक के दौरान मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पूछा कि भाजपा कितने लोगों को अपने पाले में करने जा रही है, क्योंकि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री आपके साथ आ रहे हैं. मैंने उनसे विपक्षी नेताओं को सत्तारूढ़ दल में लेने की भूख के बारे में पूछा.”

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर लोग भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, तो वह क्या कर सकते हैं. मैंने उनसे कहा कि भाजपा लोगों को डराकर इस काम (खरीद-फरोख्त) को अंजाम दे रही है. मोदी ने कहा कि ये लोग भाजपा की सरकार के काम की वजह से शामिल होना चाहते हैं.” खरगे ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि अगर उनकी पार्टी केंद्र में सत्ता में आती है तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी मिलेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी ने पिछले 10 वर्षों में बार-बार झूठ बोला है, जबकि बेरोजगारी बढ़ रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu