हमारे साथ ”माय”(एमवाइ) ही नहीं बल्कि ”बाप” (बीएएपी) भी है : तेजस्वी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Feb 2024 10:10 PM
हमारे साथ ”माय”(एमवाइ) ही नहीं बल्कि ”बाप” (बीएएपी) भी है : तेजस्वी
ऑडियो सुनें

मुज़फ्फ़रपुर. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को दावा किया कि हमारे साथ ‘माय” (एमवाई, मुस्लिम-यादव) ही नहीं बल्कि ”बाप” (बीएएपी, बी-बहुजन, ए- अगड़े, ए-आधी आबादी और पी से पुअर (गरीब) भी हैं. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से अपनी जन विश्वास यात्रा की शुरूआत करते हुए यादव ने कहा, ”लोग बोलते है कि हम राजद, एमवाई (मुस्लिम-यादव) की पार्टी है. सुनों, हमारे साथ एमवाई ही नहीं बल्कि ”बाप”, बीएएपी भी है. बी-बहुजन, ए- अगड़े, ए-आधी आबादी और पी से पुअर (गरीब) और ये सब ए टू जेड में आते है. यहां इस जनसैलाब में देखिए. सभी ए टू जेड जाति, वर्ग और मज.हब के लोग हैं.” मुजफ्फरपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजद के युवा नेता ने अपने पूर्व सहयोगी और प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा भाजपा पर तीखा हमला बोला.

यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पुराने ख्यालात वाला बताते हुए कहा कि बस इधर-उधर करना ही उनका काम है. राजद नेता कहा कि हमने जो रोजगार और नौकरी की लकीर खींची है. अब देश में कोई भी नेता हो, कोई भी सरकार हो अब वो नौकरी की ही बात करेगी. उन्होंने कहा कि बिहार में कुमार की पार्टी जदयू तीसरे नंबर की पार्टी है, लेकिन वे नौ बार शपथ ले चुके हैं और एक कार्यकाल में तीन बार.

इससे पहले अपनी यात्रा के लिए रवाना होने से पहले पटना में यादव ने संवाददाताओं से कहा, ”नीतीश कुमार जी के पास राज्य के लोगों के लिए कोई दृष्टिकोण नहीं है और न ही उनके पास गठबंधन बदलने का कोई कारण था.” पूर्व उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ”मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी जनता के मत को अपने पैर की जूती समझते हैं, जनता उन्हें जवाब देगी.” उन्होंने कहा कि आज उन्हें माता की ममता, पिता की क्षमता और अपनी पत्नी (राजश्री) के समर्थन से ताकत मिल रही है.

यादव ने कहा, ”बिहार के लोग राजद पर अपना प्यार लुटा रहे हैं, यही कारण है कि यह लंबे समय से विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी रही है. मैं उनसे आग्रह करने जा रहा हूं कि वे हमें और भी मजबूती से समर्थन दें ताकि हम उनके लिए काम कर सकें.” इस अवसर पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने तेजस्वी को आशीर्वाद देते हुए उनके बारे में कहा., ”पूरा आशीर्वाद है. बहुत काम किया है आगे भी करेगा. जनता जनार्दन से मेरी अपील है इसके मनोबल को बढ.ाएं ताकि वह अपना लक्ष्य हासिल कर ले.”

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा, ”नीतीश कुमार ने हमारे साथ जो किया वह अनुचित था. वह हमेशा भागते हैं. हम कभी साझेदारी नहीं तोड़ते.” अपनी 11 दिन की इस यात्रा पर रवाना होने से पहले उन्होंने पूजा-अर्चना की और गाय को रोटी खिलायी. इससे पहले तेजस्वी ने यहां अपने पिता एवं राजद प्रमुख लालू प्रसाद और माता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का आशीर्वाद लिया तथा अपनी पुत्री कात्यायनी को गोद में लेकर प्यार किया और उसके पैर को अपने माथे से लगाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu