कांग्रेस की पूरी ऊर्जा केवल एक परिवार को बढ़ाने पर व्यय हुई : प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Feb 2024 08:54 PM
कांग्रेस की पूरी ऊर्जा केवल एक परिवार को बढ़ाने पर व्यय हुई : प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

देवभूमि द्वारका/रायबरेली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी की सारी ऊर्जा केवल एक परिवार की प्रगति सुनिश्चित करने में खर्च की गयी. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासन में हर तरह के घोटाले होते थे और उनकी सरकार ने पिछले 10 साल में उन सब पर रोक लगा दी है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लोगों को सुविधाएं मुहैया कराने की इच्छाशक्ति और मंशा की कमी है. वह द्वारका में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे. प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन की गई परियोजनाओं में गुजरात के ओखा से बेट द्वारका के बीच भारत का सबसे लंबा केबल आधारित पुल भी शामिल है.

मोदी ने कहा, ”जिन लोगों ने लंबे समय तक देश पर शासन किया, उनमें आम जनता को सुविधाएं मुहैया कराने की इच्छा शक्ति, इरादा और समर्पण नहीं था.” उन्होंने कहा, ”कांग्रेस की पूरी ताकत एक परिवार को आगे बढ़ाने में लगी है. अगर सब कुछ एक ही परिवार के लिए करना होगा तो राष्ट्र निर्माण की याद कैसे आएगी? उनकी (कांग्रेस की) सारी ऊर्जा इस बात पर केंद्रित थी कि पांच साल तक सरकार कैसे चलायी जाये और घोटालों को कैसे छुपाया जाये.”

मोदी ने कहा कि कांग्रेस भारत की अर्थव्यवस्था को केवल 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना सकी, क्योंकि पार्टी के पास विशाल देश के लोगों के बड़े सपनों को पूरा करने की क्षमता नहीं थी. ‘सुदर्शन सेतु’ का डिजाइन अद्वितीय है, जिसमें श्रीमद्भगवद गीता के श्लोकों और दोनों तरफ भगवान कृष्ण की छवियों से सजा हुआ एक फुटपाथ है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘सुदर्शन सेतु’ का छह साल पहले उन्होंने आधारशिला रखी थी और आज इसका उद्घाटन किया. उन्होंने कहा, ”यही मोदी की गारंटी है.” मोदी ने कहा कि जब अर्थव्यवस्था छोटी थी, तो इसमें विशाल राष्ट्र के बड़े सपनों को पूरा करने की क्षमता नहीं थी. उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के लिए जो भी थोड़ा बजट रखा गया था, उसे घोटालों के जरिये लूट लिया गया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दूरसंचार अवंसरचना में सुधार का समय आया तो कांग्रेस ने टू-जी घोटाला किया और जब खेल अवसरंचना को मजबूत करने का समय आया तो कांग्रेस ने राष्ट्रमंडल घोटाला किया. उन्होंने कहा कि जब रक्षा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का समय था तब कांग्रेस ने हेलीकॉप्टर और पनडुब्बी घोटाले को अंजाम दिया.

मोदी ने कहा, ”कांग्रेस देश की हर जरूरत के साथ धोखा ही कर सकती है. वर्ष 2014 में जब आप सभी ने मुझे आशीर्वाद देकर दिल्ली भेजा था, तब मैंने आप सभी से वादा किया था कि मैं (किसी को) देश को लूटने नहीं दूंगा. कांग्रेस के जमाने में जो हजारों करोड़ रुपये के घोटाले होते थे, वे सब बंद हो गए हैं.” उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में उनकी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया है और इसके परिणामस्वरूप हर जगह ऐसे भव्य और दिव्य निर्माण हो रहे हैं, जो ‘नये भारत की नई तस्वीर’ पेश कर रहे हैं.

मोदी ने कहा कि मुंबई में समुद्री पुल (अटल सेतु), जम्मू और कश्मीर में चिनाब नदी पर (रेलवे) पुल, तमिलनाडु में निर्माणाधीन ‘र्विटकल लिफ्ट पुल’ और असम में एक नदी पुल ऐसी बड़ी परियोजनाओं के उदाहरण हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि वह भाग्यशाली हैं कि उन्हें उस पुल का उद्घाटन करने का मौका मिला, जिसकी आधारशिला उन्होंने छह साल पहले रखी थी.

उन्होंने कहा, ”यह पुल बेट द्वारका द्वीप को ओखा मुख्य भूमि से जोड़ेगा और इस जगह की सुंदरता को बढ़ाएगा. जो सपना देखा था, जिसका शिलान्यास किया गया था, वह पूरा हुआ. ये जनता के सेवक मोदी की गारंटी है.” मोदी ने कहा कि ‘सुदर्शन सेतु’ केवल एक पुल नहीं है, बल्कि एक इंजीनियरिंग चमत्कार है, जो नौकाओं पर पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की निर्भरता को कम कर देगा.

प्रधानमंत्री ने दोहराया, ”आधुनिक संपर्क एक समृद्ध और मजबूत राष्ट्र बनाने का एक तरीका है.” मोदी ने दावा किया कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने कई बार ऐसे पुल का विचार (कांग्रेस शासित) केंद्र के सामने रखा था, लेकिन केंद्र ने कभी इस पर ध्यान नहीं दिया.

मोदी ने दावा किया कि गुजरात के कई पर्यटन और तीर्थस्थलों की अवसंरचना में सुधार हुआ है, जिससे ये अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए पसंदीदा स्थान बन गए हैं. उन्होंने लोगों से पर्यटकों के लिए द्वारका की स्वच्छता सुनिश्चित करने की अपील की. भारत आने वाले 85 लाख पर्यटकों में से 20 प्रतिशत गुजरात आये. प्रधानमंत्री ने कहा, ”पिछले साल अगस्त तक 15.5 लाख पर्यटक गुजरात आए थे. अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए ई-वीजा सुविधा से गुजरात को मदद मिली है और रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं.”

कांग्रेस के ‘शाही परिवार’ ने रायबरेली में सिर्फ राजनीति की, काम मोदी ने किया : प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेहरू गांधी परिवार पर हमला करते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस के ‘शाही परिवार’ ने रायबरेली में सिर्फ सियासत की, मगर विकास कार्य सिर्फ मोदी ने ही किया है. प्रधानमंत्री ने यहां आयोजित एक समारोह को ऑनलाइन माध्यम से रायबरेली स्थित एम्स का लोकार्पण किया. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे.

उन्होंने कहा, ”मैंने उत्तर प्रदेश के रायबरेली को एम्स की गारंटी दी थी, कांग्रेस के शाही परिवार ने रायबरेली में सिर्फ राजनीति की, काम मोदी ने किया.” मोदी ने कहा, ”मैंने रायबरेली एम्स का आठ साल पहले शिलान्यास किया था और आज इसका लोकार्पण किया है.” केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी इस मौके पर नेहरू गांधी परिवार पर तंज किया और कहा, ”नामदार और कामदार में फर्क क्या होता है, रायबरेली एम्स उसका उत्तम उदाहरण है.”

अमेठी से भाजपा सांसद ने पूर्व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की तरफ इशारा करते हुए कहा, ”मैं उस लोकसभा क्षेत्र की प्रतिनिधि हूं जहां बरसों-बरस एक नामदार ने जनता का वोट लिया, लेकिन उसने सेवा नहीं की.” उन्होंने कहा, ”अमेठी इस बात की साक्षी है कि आज से 30 साल पहले अमेठी में मेडिकल कालेज बनाने का वादा करते हुए नामदारों ने जमीन ली और अपने लिये गेस्ट हाउस बना लिया, लेकिन अमेठी के नौजवानों के लिए एक मेडिकल कॉलेज नहीं बनाया.”

स्मृति ईरानी ने कहा, ” भारत के इतिहास में जब तक कांग्रेस रही, तब तक 380 मेडिकल कॉलेज बने. मगर पिछले 10 वर्षों में नरेन्द्र मोदी सरकार ने 706 मेडिकल कॉलेज बनाए. नरेन्द्र मोदी राष्ट्र के इतिहास में पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने 25 करोड़ नागरिकों को गरीबी से उबारकर विकास के पथ पर अग्रसर किया है.”

उन्होंने कहा,”कामदारों के इस मंच से भाजपा की एक कार्यकर्ता होने के नाते मैं निश्चित रूप से कह रही हूं कि इस बार रायबरेली में वो होगा जो 2019 में अमेठी में हुआ. जनता चाहती थी विकास हो. अमेठी में कमल खिल चुका है अबकी बार रायबरेली भी कहती है कि 370 नहीं राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) 400 पार.”

स्मृति ईरानी ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले अमेठी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को पराजित किया था. उस चुनाव में कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में रायबरेली के रूप में एकमात्र लोकसभा सीट हासिल हुई थी. रायबरेली से चुनी गई पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस साल रायबरेली से चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए राज्यसभा का रुख किया है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन देखने को मिल रहा है. हर नागरिक को सुरक्षा की गारंटी दी है, हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले, इस बात की भी गारंटी है. उत्तर प्रदेश पहला राज्य है जहां रायबरेली और गोरखपुर के तौर पर दो-दो एम्स होने जा रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu