मोदी सरकार को 400 से अधिक लोकसभा सीट के साथ तीसरा कार्यकाल देने का संकल्प लें: अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Feb 2024 09:41 PM
मोदी सरकार को 400 से अधिक लोकसभा सीट के साथ तीसरा कार्यकाल देने का संकल्प लें: अमित शाह
ऑडियो सुनें

ग्वालियर/खुजराहो/पुणे/भोपाल. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य हासिल करने के लिए पिछले आम चुनाव की तुलना में प्रत्येक बूथ पर 370 अतिरिक्त वोट हासिल करने का प्रयास करने को कहा. शाह मध्य प्रदेश की चार लोकसभा सीट- मुरैना, भिंड, गुना और ग्वालियर के ग्वालियर-चंबल ‘क्लस्टर’ की बूथ प्रबंधन समिति के लगभग 400 नेताओं और कार्यकर्ताओं से बात कर रहे थे.

बैठक में हिस्सा लेने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय नेता ने शाह को उद्धृत करते हुए कहा कि पार्टी के लिये हर एक मत महत्वपूर्ण है. शाह ने कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं से पिछले चुनाव की तुलना में प्रत्येक बूथ पर 370 अतिरिक्त वोट सुनिश्चित करने को कहा. नेता ने शाह के हवाले से कहा कि लोकसभा चुनाव में लगभग 100 दिन बचे हैं.

केंद्रीय मंत्री ने जमीनी स्थिति जानने के लिए पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ एक-एक कर बैठक की और लोकसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए उनके साथ रणनीतियों पर चर्चा की. नेता ने कहा कि उन्होंने (शाह ने) भाजपा कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव में पार्टी का मत प्रतिशत 10 फीसदी बढ़ाने का प्रयास करने का आग्रह किया. नेता ने कहा, उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव में पार्टी का मत प्रतिशत 10 प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास करने का आग्रह किया.

इससे पहले, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और राज्य भाजपा प्रमुख वी.डी. शर्मा ने शाह का यहां पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया. खुजराहो में पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव भारत को महाशक्ति और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के बारे में है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, “कांग्रेस का मतलब है भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचार का मतलब है कांग्रेस.” शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 10 साल के कार्यकाल (2004 से 2014 के बीच) में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले किए.

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, “400 से अधिक सीट जीतकर केंद्र में फिर से मोदी के नेतृत्व वाली सरकार बनाने का संकल्प लें. आगामी लोकसभा चुनाव मोदी के नेतृत्व में भारत को महाशक्ति और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए है.” मोदी सरकार के तहत अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की सराहना करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी यह कहकर उन पर कटाक्ष करते थे कि भारतीय जनता पार्टी दावा करती है कि वह मंदिर बनाएगी, लेकिन लोगों को निर्माण की तारीख नहीं बताएगी. शाह ने कहा, “मोदी सरकार के तहत मंदिर का निर्माण किया गया है. भाजपा जनता से की गई हर प्रतिबद्धता को पूरा करती है.”

इस महीने की शुरुआत में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश में एक जन सभा के दौरान कहा था कि भाजपा लोकसभा चुनावों में 370 सीट का आंकड़ा पार कर जाएगी और यहां तक कि संसद में विपक्षी नेता भी कह रहे हैं कि सत्तारूढ़ गठबंधन को 400 से अधिक सीट मिलेंगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने 543 लोकसभा सीट में से 370 सीट जिताने के लिए मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में पिछले चुनाव की तुलना में प्रत्येक बूथ पर 370 अतिरिक्त वोट सुनिश्चित करने के लिए भी कहा था. भाजपा ने मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य रखा है. साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य में 28 सीट पर जीत हासिल की थी.

प्रधानमंत्री मोदी ने जातिवाद, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और वंशवाद की राजनीति खत्म कर दी : अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी के बाद देश में व्याप्त जातिवाद, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और वंशवाद की राजनीति को पिछले 10 वर्षों में समाप्त कर दिया है. शाह ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ”आजादी के बाद जातिवाद, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और वंशवाद की राजनीति हावी रही. मोदी जी ने पिछले 10 वर्षों में इन्हें खत्म कर दिया है.” उन्होंने कहा कि नक्सलवाद, आतंकवाद और उग्रवाद ”अपनी अंतिम सांसें गिन रहे हैं.”

शाह ने कहा कि फिलहाल लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच है – एक जो देश को विकसित राष्ट्र बनाना चाहती है और दूसरी, जो वंशवाद का पोषण करती है. उन्होंने दावा किया, ”(विपक्षी) ‘इंडिया’ गठबंधन वंशवादी राजनीति का गठजोड़ है. सोनिया गांधी चाहती हैं कि उनका बेटा प्रधानमंत्री बने.” भाजपा के वरिष्ठ नेता शाह ने दावा किया कि राकांपा संस्थापक शरद पवार अपनी बेटी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी अपने भतीजे, राजद प्रमुख लालू प्रसाद अपने बेटे और द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टालिन अपने बेटे को आगे बढ.ाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि लगभग 100 करोड़ लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.

लोग चाहते हैं कि मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनें, 400 सीट जीतने के लिए मिलकर काम करेंगे : अजित

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार को कहा कि देश की अधिकतर जनता चाहती है कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनें और राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी घटक इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं.
यहां बारामती में एक किसान रैली को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि वह अपने ‘होम ग्राउंड’ से अपना अभियान (आगामी लोकसभा चुनाव के लिए) शुरू कर रहे हैं. अजित पवार बारामती से विधायक हैं.

उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ”आपने हमेशा मुझे आशीर्वाद दिया है और यही कारण है कि मैं आपके सामने खड़ा हूं. आपने मुझे पुणे जिले का प्रभारी मंत्री बनने में मदद की.” उन्होंने कहा, ” देश की 65 प्रतिशत से ज्यादा आबादी नरेन्द्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनते देखना चाहती है. आने वाले दिनों में मैं कड़ी मेहनत करूंगा और हर कोई हैरान रह जाएगा. महायुति (सत्तारूढ़ गठबंधन) लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की 400 सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेगी.”

अजित पवार ने अपने समर्थकों से कहा कि वे ऐसे बयान न दें जिससे दरार पैदा हो या किसी वर्ग को ठेस पहुंचे. उन्होंने कहा कि सभी को मतभेद भुलाकर लोकसभा चुनाव के लिए अगले कुछ महीने एकजुट होकर काम करना चाहिए. उन्होंने कहा, ”हम विकास के पथ पर आगे बढ़ना चाहते हैं. इसलिए हमें ऐसा सांसद चुनना चाहिए जिसकी सोच हमारे जैसी हो.” सत्तारूढ़ गठबंधन में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu