पीएमएल-एन ने औपचारिक रूप से शहबाज शरीफ को प्रधानमंत्री पद के लिए नामित किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Feb 2024 08:35 PM
पीएमएल-एन ने औपचारिक रूप से शहबाज शरीफ को प्रधानमंत्री पद के लिए नामित किया

ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद/लाहौर. पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के संसदीय दल ने बुधवार को शहबाज शरीफ को प्रधानमंत्री पद और गठबंधन सरकार का नेतृत्व करने के लिए औपचारिक रूप से नामित किया. पीएमएल-एन ने नेशनल असेंबली के अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ नेता सरदार अयाज सादिक को भी नामित किया है. यह घटनाक्रम नई नेशनल असेंबली के उद्घाटन सत्र से एक दिन पहले आया है.आठ फरवरी के आम चुनावों के बाद बृहस्पतिवार को नयी नेशनल असेंबली की पहली बैठक होगी.

पीएमएल-एन के केंद्रीय उप सचिव अताउल्लाह तरार ने बैठक के बाद एक बयान में कहा, ”पीएमएल-एन के संसदीय सदस्यों की बैठक बुधवार को पार्टी सुप्रीमो नवाज शरीफ की अध्यक्षता में इस्लामाबाद में हुई. नवाज ने आधिकारिक तौर पर अपने छोटे भाई शहबाज शरीफ और पार्टी के वफादार सरदार अयाज सादिक को क्रमश? प्रधानमंत्री और नेशनल असेंबली के स्पीकर पद के लिए नामित किया.”

उन्होंने कहा कि संसदीय दल ने प्रधानमंत्री पद के लिए 72 वर्षीय शहबाज शरीफ के नाम का समर्थन किया है. दल ने तीन बार के पूर्व प्रधान मंत्री और पीएमएल-एन सुप्रीमो नवाज शरीफ के नेतृत्व में भी अपना पूरा भरोसा जताया. राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी के इंकार के बाद निवर्तमान नेशनल असेंबली अध्यक्ष राजा परवेज अशरफ ने बृहस्पतिवार को नेशनल असेंबली का सत्र बुलाया है.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu

नवभारत समाचार के वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार। निष्पक्ष पत्रकारिता एवं ताज़ा घटनाओं पर विस्तृत रिपोर्टिंग।