भारत के बारे में दुनिया के लिए करें सृजन: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Mar 2024 10:16 PM
भारत के बारे में दुनिया के लिए करें सृजन: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को प्रौद्योगिकी के अलग-अलग माध्यमों से विभिन्न प्रकार की सामग्री सृजन करने वालों (कंटेंट क्रिएटर्स) से ‘क्रिएट ऑन इंडिया मूवमेंट’ शुरू करने और भारत की संस्कृति, विरासत और परंपराओं पर दुनिया के साथ कहानियों को साझा करने का आग्रह किया.

मोदी ने यहां भारत मंडपम में प्रथम राष्ट्रीय सर्जक पुरस्कार (नेशनल क्रिएटर्स पुरस्कार) प्रदान करने के बाद कहा, ”आइए हम भारत के बारे में सृजन करें, दुनिया के लिए सृजन करें.” ‘ग्रीन चैंपियन’ श्रेणी में प्रवेश पांडे को पुरस्कृत किया गया, जबकि कीर्तिका गोविंदसामी को सर्वश्रेष्ठ कहानीकार का पुरस्कार दिया गया. गायिका मैथिली ठाकुर को ‘कल्चरल एंबेसडर ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार मिला. टेक श्रेणी में गौरव चौधरी और सर्वश्रेष्ठ यात्रा निर्माता पुरस्कार कामिया जानी को दिया गया. मोदी ने कहा कि लोग उनसे उनकी सफलता का राज पूछते हैं, लेकिन वह हर किसी को जवाब नहीं देते हैं.

उन्होंने कहा, ”क्या कोई रेस्तरां मालिक आपको अपनी रसोई दिखाएगा? ईश्वर की कृपा है, मैं समय से पहले समय को भांप सकता हूं. इसलिए मैं कह सकता हूं कि भविष्य में इन पुरस्कारों का महत्वपूर्ण स्थान होगा. उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स को देश के डिजिटल एंबेसडर के रूप में सम्मानित किया और कहा कि वे ‘वोकल फॉर लोकल’ के ब्रांड एंबेसडर भी हैं.

उन्होंने कहा, ”आइए, हम सब मिलकर ‘क्रिएट ऑन इंडिया मूवमेंट’ की शुरुआत करें. आइए, हम भारत से, भारत की संस्कृति, भारत की विरासत और परंपराओं से जुड़ी कहानियां पूरी दुनिया के साथ साझा करें.” यह कहते हुए कि भारत के प्रति दुनिया की जिज्ञासा बढ. रही है, प्रधानमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से संयुक्त राष्ट्र की भाषाओं, जैसे जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश आदि में अपनी पहुंच बढ.ाने के लिए काम विकसित करने का आग्रह किया.

उन्होंने कहा, ”आइए, हम भारत की अपनी कहानी सभी को बताएं. आइए हम भारत पर सृजन करें, विश्व के लिए सृजन करें. ऐसा ‘कंटेंट क्रिएट’ करें, जिससे आपके साथ-साथ देश को ज्यादा ‘लाइक्स’ मिलें. हमें इसके लिए वैश्विक दर्शकों को जोड़ना चाहिए.” प्रधानमंत्री ने कृत्रिम मेधा के बारे में अरबपति व्यवसायी बिल गेट्स के साथ अपनी हालिया बातचीत को याद किया और भारत एआई मिशन को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बारे में सभा को अवगत कराया.

युवाओं और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए, उन्होंने सेमीकंडक्टर मिशन का जिक्र किया और विश्वास व्यक्त किया कि भारत 5जी तकनीक को अपनाने के समान नेतृत्व करेगा. प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को शुभकामनाएं दीं और रचनाकारों से आग्रह किया कि वे ‘नारी शक्ति’ को अपने विषय-वस्तु का हिस्सा बनाएं.

उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स से अपनी सामग्री के माध्यम से लोगों को प्रेरित करने का आग्रह किया और याद किया कि उन्होंने लाल किले की प्राचीर से महिलाओं के प्रति अनादर का मुद्दा उठाया था. मोदी ने उनसे लड़कों और लड़कियों की परवरिश करते समय माता-पिता के बीच समानता की भावना को आगे बढ.ाने का भी अनुरोध किया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि कंटेंट क्रिएटर्स को ‘नारी शक्ति’ की क्षमताओं का प्रदर्शन करना चाहिए और इस चित्रण पर विचार देने चाहिए कि एक मां अपने दैनिक कार्यों को कैसे करती है और ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की महिलाएं आर्थिक गतिविधि में कैसे शामिल होती हैं.
उन्होंने कहा, ”सामग्री निर्माण गलत धारणाओं को सुधारने में मदद कर सकता है.” चुनाव नजदीक होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”मैं आपको गारंटी देता हूं कि यदि संभव हो तो अगली शिवरात्रि पर… मैं ऐसा ही एक कार्यक्रम करूंगा.”

दर्शकों द्वारा ‘अबकी बार 400 पार’ के नारे लगाए जाने के बीच प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मोदी की गारंटी नहीं है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की गारंटी है. उन्होंने ‘कंटेंट क्रिएटर्स’ से पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को वोट डालने की अपनी जिम्मेदारी से अवगत कराने का भी आग्रह किया.

मल्हार कलाम्बे को स्वच्छता राजदूत पुरस्कार से सम्मानित करते हुए मोदी ने विपक्ष पर कटाक्ष किया और कहा, ”हर प्रकार की सफाई काम आ सकती है, इस चुनाव में भी सफाई होने वाली है….” मोदी ने कंटेंट क्रिएटर्स से युवाओं के बीच मादक द्रव्यों के इस्तेमाल के खिलाफ जागरूकता बढ.ाने का भी आग्रह किया.

उन्होंने कहा, ”आपका कंटेंट क्रिएशन देश में बहुत बड़ा प्रभाव डाल रहा है.” मोदी ने कहा कि जब समय बदलता है, जब एक नये युग की शुरुआत होती है, तो यह देश की जिम्मेदारी बन जाती है कि वह बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाकर चले. एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि राष्ट्रीय सर्जक पुरस्कार के लिए अनुकरणीय सार्वजनिक सहभागिता सामने आई है. पहले दौर में 20 विभिन्न श्रेणियों में 1.5 लाख से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे.

इसके बाद, वोटिंग राउंड में विभिन्न पुरस्कार श्रेणियों में डिजिटल सर्जकों के लिए लगभग 10 लाख वोट डाले गए. इसके बाद, तीन अंतरराष्ट्रीय सर्जक सहित 23 विजेताओं का निर्णय किया गया. पुरस्कृत किए गए लोगों में रणवीर अल्लाहबादिया, जया किशोरी, तंजानिया के किरी पॉल, संयुक्त राज्य अमेरिका के ड्रू हिक्स और जर्मनी के कैसेंड्रा के अलावा जाह्नवी सिंह, आरजे रौनक, नमन देशमुख, अंकित बैयनपुरिया, निश्चय, अरिदमन, पीयूष पुरोहित और अमन गुप्ता शामिल थे. इन सभी को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए.

‘इस चुनाव में भी सफाई होने वाली है’: विपक्ष पर प्रधानमंत्री मोदी का कटाक्ष

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय सर्जक पुरस्कार प्रदान करने के दौरान विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में ”सफाई” होने जा रही है. उन्होंने यहां भारत मंडपम में प्रथम राष्ट्रीय सर्जक पुरस्कार प्रदान किए. ‘ग्रीन चैंपियन’ श्रेणी में प्रवेश पांडे को पुरस्कृत किया गया, जबकि कीर्तिका गोविंदसामी को सर्वश्रेष्ठ कहानीकार का पुरस्कार दिया गया. गायिका मैथिली ठाकुर को ‘कल्चरल एंबेसडर ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार मिला. टेक श्रेणी में गौरव चौधरी और सर्वश्रेष्ठ यात्रा रचनाकार पुरस्कार कामिया जानी को दिया गया.

मल्हार कलाम्बे को स्वच्छता राजदूत पुरस्कार से सम्मानित करते हुए मोदी ने विपक्ष पर कटाक्ष किया और कहा, “हर प्रकार की सफाई काम आ सकती है, इस चुनाव में भी सफाई होने वाली है….” समारोह में एक और पल जिसने सभी का ध्यान आर्किषत किया, वह था जब सर्वश्रेष्ठ कहानीकार का पुरस्कार कीर्तिका गोविंदसामी को मिला. जब उन्होंने प्रधानमंत्री के पैर छुए तो मोदी ने भी पलटकर उनकी ओर शीश झुकाते हुए कहा कि कला के क्षेत्र में पैर छूना अलग बात है लेकिन व्यक्तिगत तौर पर वह परेशान हो जाते हैं, खासकर जब बेटी उनके पैर छूती है.

‘न्यू इंडिया चैंपियन’ श्रेणी के लिए यह पुरस्कार अभि और नियू को दिया गया. ‘द डिसरप्टर आफ द ईयर’ का पुरस्कार रणवीर अल्लाहबादिया को दिया गया. प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि रणवीर को नींद की कमी के बारे में जागरूकता पैदा करनी चाहिए. उन्होंने बताया कि नींद के मामले में वह अनुशासन का पालन नहीं कर पाते हैं और केवल कुछ घंटों के लिए सोते हैं.

इसरो की पूर्व वैज्ञानिक अहमदाबाद की पंकति पांडे को मिशन लाइफ के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए ‘ग्रीन चैंपियन अवार्ड’ मिला. पांडे को पुरस्कृत करने के बाद, प्रधानमंत्री ने उन्हें मिशन लाइफ के बारे में एक विस्तृत अध्ययन करने के लिए कहा. उन्होंने किसी के जीवन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए अपने आ”ान का भी उल्लेख किया.

आधुनिक समय की मीरा के नाम से मशहूर जया किशोरी ने प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद भगवद गीता और रामायण की कहानियां साझा कीं. लक्ष्य डबास को नवाचार और प्रौद्योगिकी के उपयोग के साथ कृषि प्रथाओं में सुधार पर उनके काम के लिए सबसे प्रभावशाली कृषि निर्माता का पुरस्कार मिला. उनके भाई ने उनकी ओर से पुरस्कार प्राप्त किया और देश में प्राकृतिक खेती की आवश्यकता पर प्रकाश डाला.

‘कल्चरल एम्बेसडर ऑफ द ईयर’ अवार्ड मैथिली ठाकुर को दिया गया, जो कई भारतीय भाषाओं में पारंपरिक लोक संगीत गाती हैं. प्रधानमंत्री के अनुरोध पर, उन्होंने महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव के लिए एक भक्ति गीत प्रस्तुत किया. ‘बेस्ट इंटरनेशनल क्रिएटर अवार्ड’ में तीन क्रिएटर थे. इनमें तंजानिया के किरी पॉल, अमेरिका के ड्रू हिक्स, जर्मनी के कैसेंड्रा मे स्पिटमैन शामिल थे. ड्रू हिक्स ने प्रधानमंत्री से पुरस्कार प्राप्त किया. ड्रू हिक्स ने अपनी धाराप्रवाह हिंदी और बिहारी लहजे के कारण सोशल मीडिया पर लोकप्रियता अर्जित की है.

‘कर्ली टेल्स’ की कामिया जानी को ‘बेस्ट ट्रैवल क्रिएटर’ का अवॉर्ड दिया गया. जब उन्होंने कहा कि वह लक्षद्वीप या द्वारका जाने के बारे में उलझन में हैं, तो प्रधानमंत्री ने कहा कि द्वारका के लिए उन्हें हंसी के ठहाकों के बीच बहुत गहराई तक जाना होगा. आदि कैलाश जाने के अपने अनुभव के बारे में बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने ऊंचाई और गहराई दोनों स्थानों का अनुभव किया.

‘टेक्निकल गुरुजी’ गौरव चौधरी ने ‘टेक क्रिएटर अवार्ड’ जीता. प्रधानमंत्री ने कहा कि उज्ज्वल भविष्य के लिए हमें प्रौद्योगिकी का लोकतंत्रीकरण करने की जरूरत है. ‘हेरिटेज फैशन आइकन अवार्ड’ इंस्टाग्राम के लिए 20 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर जाह्नवी सिंह को दिया गया, जो भारतीय फैशन के बारे में बात करती हैं और भारतीय साड़ियों को बढ़ावा देती हैं.

प्रधानमंत्री ने कहा कि कपड़ा बाजार फैशन के साथ चलता है और उन्होंने भारतीय वस्त्रों को बढ़ावा देने में क्रिएटर्स के प्रयासों के लिए उनकी प्रशंसा की. श्रद्धा को ‘बेस्ट क्रिएटिव क्रिएटर’ (महिला) का अवॉर्ड मिला जबकि आरजे रौनक को ‘बेस्ट क्रिएटिव क्रिएटर’ (पुरुष) का पुरस्कार मिला. रौनक ने आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि के प्रधानमंत्री रेडियो इंडस्ट्री की भी एक महत्वपूर्ण शख्सियत हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu