भारत में मेरे दिन बेहद शानदार रहे : क्रिस्टीना पिस्जकोवा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Mar 2024 08:27 PM
भारत में मेरे दिन बेहद शानदार रहे : क्रिस्टीना पिस्जकोवा
ऑडियो सुनें

मुंबई. ‘मिस वर्ल्ड 2024’ का खिताब जीतने वाली चेक गणराज्य की क्रिस्टीना पिस्जकोवा ने कहा कि भारत में बिताया गया उनका समय बेहद शानदार रहा और वह इसे हमेशा याद रखेंगी. पिस्जकोवा को शनिवार को यहां एक कार्यक्रम में मिस वर्ल्ड 2024 के खिताब से नवाजा गया, जिसमें भारतीय प्रतियोगी सिनी शेट्टी शीर्ष आठ में जगह बनाने में सफल रहीं.

मिस लेबनान यास्मीन जायटौन दूसरे स्थान पर रहीं. मौजूदा मिस वर्ल्ड पोलैंड की कैरोलिना बिलावस्का ने अपनी उत्तराधिकारी को ताज पहनाया. इस प्रतियोगिता में पिस्जकोवा का ‘ब्यूटी विद ए पर्पस’ प्रोजेक्ट बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर केंद्रित था. उन्होंने कहा कि धारावी की मलिन बस्तियों में बच्चों के साथ बातचीत ने उन्हें प्रेरित किया.

क्रिस्टीना पिस्जकोवा ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”भारत में बिताया गया समय शानदार रहा. हमने कई खूबसूरत स्थानों का दौरा किया. उदाहरण के लिए, हमने (सभी प्रतियोगियों ने) ‘धारावी प्रोजेक्ट’ का दौरा किया, जहां हमें बहुत प्रेरणा महसूस हुई क्योंकि हम उन बच्चों के साथ बातचीत करने में सक्षम थे जो संगीत के माध्यम से अपने सपनों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. यह अतुल्य था. मुझे जल्द ही उन्हें दोबारा देखकर खुशी होगी. ”

पिस्जकोवा ने कहा, ” मैं देख सकती हूं कि यहां लोग वास्तव में अपने उद्देश्य तक पहुंचने का प्रयास करते हैं. मेरा मानना है कि उद्देश्य सबसे महत्वपूर्ण चीज है. हमें अपने जीवन को जानना होगा.” भारत ने छह बार यह प्रतिष्ठित खिताब जीता है, जिसमें रीता फारिया (1966), ऐश्वर्या राय (1994), डायना हेडन (1997), युक्ता मुखी (1999), प्रियंका चोपड़ा (2000), और मानुषी छिल्लर (2017) शामिल हैं. दुनिया के 112 देशों की प्रतियोगियों ने 71वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भाग लिया, जो यहां बीकेसी के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu