चैम्पियंस ट्राफी 2025 के लिए BCCI से भागीदारी का आश्वासन चाहते हैं PCB के नये अध्यक्ष नकवी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Mar 2024 08:46 PM
चैम्पियंस ट्राफी 2025 के लिए BCCI से भागीदारी का आश्वासन चाहते हैं PCB के नये अध्यक्ष नकवी
ऑडियो सुनें

कराची/नयी दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के नवनियुक्त अध्यक्ष मोहसिन नकवी अगले हफ्ते दुबई में होने वाली आईसीसी बैठक के दौरान पाकिस्तान में अगले साल होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत की भागीदारी पर बीसीसीआई सचिव जय शाह से आश्वासन की उम्मीद कर रहे हैं लेकिन फिलहाल इसकी संभावना नहीं है.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) कार्यकारी बोर्ड की बैठक दुबई में अगले हफ्ते होगी. नकवी की योजना वैश्विक संस्था के शीर्ष अधिकारियों के साथ भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव शाह से भी बात करने की है. पर 2025 में फरवरी-मार्च में होने वाले टूर्नामेंट के लिए भारतीय बोर्ड तुरंत पाकिस्तान यात्रा की प्रतिबद्धता नहीं देगा क्योंकि इसममें लगभग एक साल का समय है.

चैम्पियंस ट्रॉफी एक आईसीसी टूर्नामेंट है और सभी अन्य क्रिकेट खेलने वाले देशों के पाकिस्तान जाने के कारण बीसीसीआई पूरी तरह से अपने दरवाजे बंद नहीं करेगा. लेकिन भारत सरकार से हरी झंडी टूर्नामेंट शुरू होने से कम से कम कुछ हफ्ते पहले ही मिल सकेगी.
पीसीबी के एक सूत्र ने पिछले साल इस्तेमाल हुए ‘हाइब्रिड मॉडल’ का हवाला देते हुए कहा, ”पीसीबी के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि क्या भारत अपनी टीम पाकिस्तान भेजेगा और पिछले साल के एशिया कप के मुद्दों का दोहराव नहीं होगा. ”

जब बीसीसीआई के एक सूत्र से पूछा गया तो उन्होंने कहा, ”पाकिस्तान में खेलने पर फैसला केवल भारत सरकार ही कर सकती है और बीसीसीआई को सरकार के आदेश का पालन करना होगा. साथ ही सरकार से अनुमति मांगना भी अभी जल्दबाजी होगी. और अगर उनके नये अध्यक्ष फरवरी-मार्च 2025 में होने वाले टूर्नामेंट के लिए मार्च 2024 में किसी तरह के आश्वासन की उम्मीद कर रहे हैं तो वह गलतफहमी में हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu