लंदन. वेल्स की राजकुमारी केट मिडलटन ने केंसिंग्टन पैलेस द्वारा जारी एक पारिवारिक तस्वीर को लेकर फैले ‘भ्रम’ के लिए सोमवार को माफी मांगी. केंसिंग्टन पैलेस द्वारा जारी इस तस्वीर में केट अपने तीनों बच्चों के साथ बैठी हुई दिखाई दे रही थीं. केट (42) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में साफ किया कि जिस गलती कि वजह से कई बड़ी फोटो एजेंसियों को तस्वीर अपनी साइट से हटानी पड़ी वो उनके द्वारा शौकिया तौर पर किया गया संपादन का परिणाम था.
ब्रिटेन में मातृ दिवस के मौके पर रविवार को यह तस्वीर जारी की गयी थी, जिसमें केट अपने बच्चों जॉर्ज (10), लुइस (पांच) और शार्लट (आठ) के साथ हंसते हुए दिखाई दे रही थीं. पैलेस ने कहा कि यह तस्वीर राजकुमार विलियम ने इस सप्ताह की शुरुआत में विंडसर कैसल में ली थी.
वेल्स की राजकुमारी कैथरीन ने एक बयान में कहा, ”कई शौकिया फोटोग्राफरों की तरह मैं भी कभी-कभी संपादन में हाथ आजमाती हूं.” उन्होंने कहा, ”कल हमने एक पारिवारिक तस्वीर साझी की थी, जिसके कारण बनी ‘भ्रम’ की स्थिति के लिए मैं खेद व्यक्त करना चाहती हूं. मुझे उम्मीद है कि सभी ने खुशी के साथ मातृ दिवस मनाया होगा.” पैलेस से जुड़ सूत्रों ने संकेत दिया कि यह तस्वीर वेल्स के राजकुमार विलियम द्वारा ली गई एक शौकिया तस्वीर थी, क्योंकि शाही परिवार मातृ दिवस के लिए परिवार की एक अनौपचारिक तस्वीर पेश करना चाहता था.
उन्होंने कहा कि राजकुमारी ने छवि में कुछ “मामूली समायोजन” किए और परिवार ने मातृ दिवस एकसाथ मनाया. इससे पहले, प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फोटो एजेंसियों ने आधिकारिक शाही तस्वीर पर “स्रोत” द्वारा “हेरफेर” किए जाने की चिंताओं को लेकर तस्वीर अपनी साइट से हटा ली थी.