ईडी ने अश्लील फिल्म से जुड़े मामले में राज कुंद्रा के खिलाफ धन शोधन की जांच शुरू की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 May 2022 07:57 PM
ईडी ने अश्लील फिल्म से जुड़े मामले में राज कुंद्रा के खिलाफ धन शोधन की जांच शुरू की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित अश्लील फिल्मों से जुड़े मामले में धनशोधन को लेकर जांच शुरू कर दी है. इस मामले में कारोबारी और बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को 2021 में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया था. अधिकारियों ने यह जानकारी दी है. संघीय जांच एजेंसी ने कम से कम दो प्राथमिकियों और अदालत में दायर आरोप पत्र का अध्ययन करने के बाद धन शोधन रोकथाम अधिनियम कानून (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत एक शिकायत दर्ज की है.

कुंद्रा और उनके सहयोगी रयान थोर्पा को इस मामले में गिरफ्तार किया गया था और बाद में उन्हें जमानत दे दी गई थी. कुछ अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया. अधिकारियों ने बताया कि ईडी विशेष रूप से कोष के लेनदेन और कथित अपराध से अर्जित पैसे की जांच करेगा जो आरोपियों और अन्य ने इन फिल्मों के निर्माण और बिक्री के जरिए कमाए हो सकती हैं.

46 वर्षीय कुंद्रा को पिछले साल मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने भारतीय दंड संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और महिलाओं के अश्लील प्रतिनिधित्व (निषेध) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार किया था. कारोबारी ने पिछले साल मुंबई की एक स्थानीय अदालत को बताया था कि अभियोजन पक्ष के पास उन्हें कथित अश्लील फिल्मों के प्रसारण के लिए इस्तेमाल किए गए ऐप ‘हॉटशॉट्स’ से जोड़ने लायक सबूत तक नहीं हैं.

जांच एजेंसी के मुताबिक, ‘हॉटशॉट्स’ ऐप का इस्तेमाल आरोपियों ने अश्लील सामग्री को अपलोड करने और प्रसारित करने के लिए किया था. पुलिस ने कहा था कुंद्रा के फोन में आर्थिक लेनदेन के बारे में व्हाट्सएप चैट थे. इस बातचीत से यह भी पता चला है कि उन्होंने 119 वयस्क फिल्मों को एक व्यक्ति को 12 लाख डॉलर में बेचने के लिए कथित तौर पर चर्चा की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu