सात चरणों के चुनाव भाजपा सरकार की विदाई की ‘क्रोनोलॉजी’ है : अखिलेश यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Mar 2024 09:21 PM
सात चरणों के चुनाव भाजपा सरकार की विदाई की ‘क्रोनोलॉजी’ है : अखिलेश यादव
ऑडियो सुनें

लखनऊ. उत्­तर प्रदेश के पूर्व मुख्­यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए दावा किया कि सात चरणों के चुनाव भाजपा सरकार की विदाई की ‘क्रोनोलॉजी’ है. यादव ने भाजपा को दु:ख, दर्द और दमन का प्रतीक करार दिया.

अखिलेश यादव ने यहां एक बयान में कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव 2024 सात चरणों में होने हैं और निर्वाचन आयोग की घोषणा का स्वागत है. उन्­होंने कहा कि सात चरणों के चुनाव दरअसल दु:ख, दर्द और दमन का प्रतीक बन चुकी भाजपा सरकार की सात चरणों में हो रही विदाई की ‘क्रोनोलॉजी’ (कालक्रम विज्ञान) है.

यादव ने कहा कि जनता इन सात चरणों के चुनाव में भाजपा को हराएगी और केंद्र की सत्ता से बाहर निकाल फेंकेगी. उन्होंने कहा कि यही जनता की एक मात्र इच्छा और आकांक्षा है. निर्वाचन आयोग ने शनिवार को लोकसभा चुनाव 2024 के तारीखों की घोषणा की. उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के सभी सात चरणों के तहत मतदान होगा, जो 19 अप्रैल से शुरू होकर एक जून को समाप्त होगा.

यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के 10 वर्ष जनता के लिए परेशानी और यातनाओं से भरे रहे हैं. उन्होंने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार सरकार का अभिन्न अंग बन गए हैं. पुलिस प्रशासन बेलगाम है. सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में लोगों की मौतें हो रही है, महिलाएं एवं बच्चियां अपमानित और असुरक्षित हैं और ‘डबल इंजन’ की भाजपा सरकार में देश और प्रदेश का विकास नहीं हुआ है.

यादव ने कहा कि किसान हो या नौजवान सभी भाजपा सरकार में उपेक्षित हैं और किसानों को उनकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी नहीं दी जा रही है. उन्­होंने कहा कि भाजपा की अहंकारी सत्ता का जवाब विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ देगा.

अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को सराहा, कहा ‘बहुत कम लोग ही इस तरह की यात्रा निकाल सकते हैं’

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के समापन पर कांग्रेस नेता के दृढ. संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि बहुत कम लोग हैं, जो ऐसी यात्रा निकाल सकते हैं. राहुल गांधी ने 63 दिवसीय ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का समापन मध्य मुंबई में डॉ. बीआर आंबेडकर के स्मारक चैत्य भूमि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर और संविधान की प्रस्तावना पढ.कर किया.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव को इस यात्रा में शामिल होना था लेकिन वह शामिल नहीं हो सके. उन्होंने रविवार को राहुल गांधी को एक पत्र लिखकर अपनी शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि इस यात्रा को असली सफलता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आगामी लोकसभा चुनाव में हराकर मिलेगी.

सपा प्रमुख ने पत्र में कहा ”आज (रविवार) मुंबई में आपकी (राहुल की) भारत जोड़ो न्­याय यात्रा का समापन हो रहा है. बहुत कम लोग हैं, जो ऐसी यात्रा कर सकते हैं. आपके इस दृढ. संकल्प के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं.” यादव ने कहा ”आपने (राहुल ने) इस यात्रा की मणिपुर से शुरुआत की, जो भाजपा सरकार की नाकामी के कारण जल रहा है. पूर्वोत्­तर से आपने तानाशाह सरकार के विरुद्ध मजबूत संदेश दिया.” उन्होंने पत्र में लिखा ”पूरी यात्रा के दौरान आपकी किसान, नौजवान, महिला, बुजुर्ग समेत समाज के हर वर्ग से मुलाकात हुई और आप उनकी समस्याओं से नजदीक से रूबरू हुए.”

यात्रा में शामिल न हो पाने का जिक्र करते हुए यादव ने कहा ”निर्वाचन आयोग (ईसी) द्वारा कल (शनिवार) चुनाव की घोषणा कर दी गयी, 20 मार्च से यूपी में नामांकन प्रारंभ है, जिसकी तैयारियों के चलते ही यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पा रहा हूं.” सपा प्रमुख ने उम्मीद जताते हुए कहा, ”आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि किसान, नौजवान, पिछड़ा, दलित और महिला विरोधी भाजपा को जनता इस चुनाव में उखाड़ फेंकेगी. इस यात्रा की असली सफलता इसी मायने में होगी कि भाजपा को इस चुनाव में पराजय मिले.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu