आप-कांग्रेस गठबंधन का कोई असर नहीं, भाजपा दिल्ली की सातों सीट जीतेगी: बांसुरी स्वराज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Mar 2024 07:15 PM
आप-कांग्रेस गठबंधन का कोई असर नहीं, भाजपा दिल्ली की सातों सीट जीतेगी: बांसुरी स्वराज
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लोकसभा चुनाव में दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सबसे कम उम्र की प्रत्याशी बांसुरी स्वराज ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को ‘स्वार्थ’ पर आधारित बताते हुए कहा कि इसका उनकी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा और वह राजधानी की सातों लोकसभा सीट पर जीत हासिल करेगी.

दिवंगत भाजपा नेता सुषमा स्वराज की पुत्री बांसुरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा कि ‘अबकी बार 400 पार’ केवल नारा नहीं है बल्कि एक संकल्प है जिसे सर्मिपत भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग और जनता के समर्थन से वास्तविकता में बदला जाएगा.

नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज (40) ने कहा, ”दिल्ली में आप-कांग्रेस गठबंधन का कोई असर नहीं होगा. हम बहुत सकारात्मक अभियान चला रहे हैं और 10 साल के रिपोर्ट कार्ड के साथ लोगों के बीच जा रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”नरेन्द्र मोदी सरकार ने जो कहा, वह किया. घोषणापत्र में किए गए सभी वादे पूरे किए गए, चाहे अनुच्छेद 370 को हटाना हो, राम मंदिर का निर्माण हो या संसद एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए कानून लाना हो.” दिल्ली में इस बार भाजपा ने दो महिला उम्मीदवारों को उतारा है. पार्टी राजधानी की सभी सात सीटों पर लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के लिए प्रयास कर रही है.

बांसुरी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को ‘स्वार्थ’ पर आधारित बताते हुए कहा, ”जब स्वार्थ की राजनीति होती है तो राष्ट्रधर्म और राजधर्म दोनों की ही बलि चढ़ाई जाती है. इसलिए यह गठबंधन नहीं चल जाएगा.” दिल्ली में कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे के समझौते के तहत नई दिल्ली लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने सोमनाथ भारती को मैदान में उतारा है.

बांसुरी स्वराज ने कहा कि उन्हें नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र में प्रचार करते समय लोगों का भरपूर स्नेह मिल रहा है. उन्होंने कहा कि उन्हें मंच पर बैठना और भाषण देना पसंद नहीं है. उन्होंने कहा, ”इसके बजाय मुझे लोगों के बीच जाना और उनसे बात करना अच्छा लगता है.” उन्होंने कहा, ”मैंने अपने पिछले जनम में अच्छे कर्म किए होंगे कि मुझे सुषमा स्वराज जैसी मां मिलीं. मैंने उनसे मिले संस्कारों को ग्रहण किया. मुझे विश्वास है कि मेरे जीवन के इस नये अध्याय में उनका आशीर्वाद मेरे साथ है. जब मैं लोगों के बीच जाती हूं तो मेरी मां के प्रति उनका प्यार मुझ पर बरसता है.”

बांसुरी ने कहा कि प्रचार अभियान के दौरान वह जनता के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता, वादे पूरे करने के उनके संकल्प और ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण को देख रही हैं. उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी में लोगों का अथाह विश्वास अब और बढ़ते हुए देखा जा सकता है.” दिल्ली में भाजपा की जीत की संभावनाओं पर पार्टी उम्मीदवार ने कहा कि शहर की जनता को प्रधानमंत्री मोदी की विकास की नीतियों और उनकी गारंटी पर पूरा भरोसा है.

उन्होंने कहा, ”यह सुशासन का आश्वासन है. इसलिए दिल्ली की जनता सातों सीट भाजपा को देगी.” नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के संदर्भ में बांसुरी स्वराज ने कहा कि वह हरसंभव प्रयास करेंगी कि मोदी सरकार की आयुष्मान भारत जैसी कल्याणकारी योजनाएं दिल्ली की जनता तक पहुंचें, जो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ‘स्वार्थी राजनीति’ के कारण रुकी हुई हैं.

उन्होंने कहा कि वह दिल्ली में एक स्टार्ट-अप हब बनाने का प्रयास करेंगी जो महिला सशक्तीकरण में भी योगदान देगा. बांसुरी स्वराज ने महिला सुरक्षा के लिए प्रौद्योगिकी के उपयोग की वकालत की. उन्होंने कहा, ”मैं दिल्ली पुलिस द्वारा ड्रोनों के इस्तेमाल पर जोर दूंगी जो महिलाओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम साबित होंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu