दिल्ली में संवैधानिक संकट, केजरीवाल को इस्तीफा देना चाहिए: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Mar 2024 08:27 PM
दिल्ली में संवैधानिक संकट, केजरीवाल को इस्तीफा देना चाहिए: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की बृहस्पतिवार को मांग की और आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी संवैधानिक संकट का सामना कर रही है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति मामले में केजरीवाल को गिरफ्तार किया है. भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केजरीवाल को हिरासत में लिए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) में से किसी को भी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता था.

तिवारी ने कहा, ”दिल्ली संवैधानिक संकट में है. यदि आपके मन में दिल्ली के उन लोगों के प्रति जरा भी सम्मान है, जिन्होंने आपको चुना है, तो आप किसी को भी आम आदमी पार्टी से मुख्यमंत्री बना सकते हैं.” केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए ‘आप’ में अंदरूनी खींचतान चल रही है.

उन्होंने एक जांच एजेंसी की हिरासत से सरकार चलाने की संवैधानिक वैधता पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा, ”हमें पूरी दुनिया में जेल से सरकार चलाने वाले किसी व्यक्ति का एक उदाहरण दिखाइए. यदि आपमें थोड़ी भी नैतिकता बची है तो इस्तीफा दे दीजिए.” सचदेवा ने पूछा कि यदि जेल से काम करना वैध है तो पार्टी ने मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन से इस्तीफा क्यों लिया. ईडी ने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को 21 मार्च को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu