द्रमुक व कांग्रेस को कच्चातिवू पर स्पष्टीकरण देना चाहिए : अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Apr 2024 06:41 PM
द्रमुक व कांग्रेस को कच्चातिवू पर स्पष्टीकरण देना चाहिए : अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

चेन्नई. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कहा कि 1974 में कच्चातिवू द्वीप श्रीलंका को “सौंपे जाने” के बारे में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और कांग्रेस को स्पष्टीकरण देना चाहिए. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना किए जाने पर ठाकुर ने पूछा कि स्टालिन राज्य में मोदी के दौरे की संभावना से क्यों “कांप रहे” हैं.

ठाकुर ने यहां संवाददाताओं से कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री मछुआरों को सब्सिडी, नीतियों और कार्यक्रमों सहित बहुत कुछ दे रहे हैं, दूसरी तरफ द्रमुक और कांग्रेस ने कच्चातिवू श्रीलंका को दे दिया. भाजपा नेता ने कहा, “उन्हें (द्रमुक और कांग्रेस) खुलकर सामने आना चाहिए और इस पर जवाब देना चाहिए. लंका को कच्चातिवू देने के लिए कौन जिम्मेदार है? द्रमुक और कांग्रेस इस पर चुप क्यों हैं? उन्होंने श्रीलंका को जमीन का एक महत्वपूर्ण टुकड़ा क्यों दिया और मछुआरों तथा तमिलों की भावनाओं को ठेस क्यों पहुंचाई.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के बारे में मुख्यमंत्री के बयानों से पता चलता है कि वह मोदी के तमिलनाडु आने से कितने “घबराए हुए” हैं.

ठाकुर ने पूछा कि स्टालिन राज्य में मोदी के दौरे की संभावना से क्यों “कांप रहे” हैं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्टालिन को मोदी के दौरे से खुश होना चाहिए क्योंकि तमिलनाडु, इसकी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और इतिहास से प्रेम करने वाले प्रधानमंत्री से तमिलनाडु के लोग प्यार करते हैं.

उन्होंने काशी तमिल संगमम के आयोजन और नए संसद भवन में सेंगोल स्थापित किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि यह राज्य और इसके लोगों के प्रति मोदी के प्रेम के उदाहरणों में शामिल है. ठाकुर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पूरे देश में लोगों की राय को देखते हुए भाजपा इस बार आसानी से 400 से अधिक सीट जीत लेगी. उन्होंने कहा, “लोग मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते हैं ताकि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सके.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu