इस लोकसभा चुनाव में कोई मोदी लहर नहीं: सिद्धरमैया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Apr 2024 06:52 PM
इस लोकसभा चुनाव में कोई मोदी लहर नहीं: सिद्धरमैया
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोमवार को कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में कोई ”मोदी लहर” नहीं है और राज्य में कांग्रेस तथा उसकी पांच गारंटी के पक्ष में लोगों में उत्साह है. सिद्धरमैया ने बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं से शहर के पेयजल मुद्दों को हल करने और मेकेदातु परियोजना के कार्यान्वयन के लिए भाजपा उम्मीदवार एवं सांसद तेजस्वी सूर्या को हराने का आग्रह किया.

मेकेदातु कर्नाटक द्वारा प्रस्तावित एक बहुउद्देश्यीय (पेयजल और बिजली) परियोजना है, जिसमें रामनगर जिले में कनकपुरा के पास एक संतुलन जलाशय का निर्माण शामिल है. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस और उसकी पांच गारंटी योजनाओं के पक्ष में लोगों में उत्साह है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पक्ष में कोई लहर नहीं है.

उन्होंने कहा, “उनके (भाजपा) कई उम्मीदवार अपना चेहरा नहीं दिखा सकते, वे मोदी पर निर्भर हैं, उन्हें लगता है कि उन्हें मोदी के नाम पर वोट मिलेंगे, लेकिन इस बार कोई नरेन्द्र मोदी फैक्टर नहीं है. दस साल तक प्रधानमंत्री के रूप में मोदी सभी क्षेत्रों में विफल रहे हैं.” बेंगलुरु दक्षिण में कांग्रेस की पूर्व विधायक सौम्या रेड्डी के पक्ष में लोगों से वोट देने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सूर्या और अन्य भाजपा सांसदों को वोट मांगने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है क्योंकि उन्होंने कभी भी राज्य के प्रति केंद्र के “अन्याय” का मुद्दा नहीं उठाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu