पराग और सैमसन का अर्धशतक, रॉयल्स ने टाइटंस को 197 रन का दिया लक्ष्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Apr 2024 09:59 PM
पराग और सैमसन का अर्धशतक, रॉयल्स ने टाइटंस को 197 रन का दिया लक्ष्य
ऑडियो सुनें

जयपुर. रियान पराग और कप्तान संजू सैमसन के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से राजस्थान रॉयलस ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां गुजरात टाइटंस के खिलाफ तीन विकेट पर 196 रन बनाए. पराग ने 48 गेंद में पांच छक्कों और तीन चौकों से 76 रन की पारी खेली जबकि कप्तान सैमसन ने 38 गेंद में नाबाद 68 रन की पारी के दौरान दो छक्के और सात चौके मारे. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 78 गेंद में 130 रन की साझेदारी की जिससे रॉयल्स की टीम अंतिम आठ ओवर में 108 रन जोड़े में सफल रही.

टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर रॉयल्स को बल्लेबाजी का न्योता दिया और उनके गेंदबाजों ने विरोधी बल्लेबाजों को शुरुआत में खुलकर नहीं खेलने दिया. यशस्वी जायसवाल (24) ने उमेश यादव (47 रन पर एक विकेट) पर चौके से खाता खोला और फिर इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में लगातार दो चौके मारे. जायसवाल ने उमेश पर एक और चौका मारा लेकिन अगली गेंद पर विकेटकीपर मैथ्यू वेड को कैच दे बैठे.

कप्तान संजू सैमसन ने उमेश पर लगातार दो चौकों से अपनी पारी की शुरुआत की लेकिन दिग्गज लेग स्पिनर राशिद खान (18 रन पर एक विकेट) ने सलामी बल्लेबाज जोस बटलर (08) को स्लिप में राहुल तेवतिया के हाथों कैच करा दिया. रॉयल्स ने पावर प्ले में दो विकेट पर 43 रन बनाए. नूर अहमद और राशिद की स्पिनर जोड़ी ने बीच के ओवरों में रन गति पर अंकुश लगाया. पराग ने नूर पर छक्का और राशिद पर चौका जड़कर रन बटोरे.

पराग ने 13वें ओवर में नूर पर दो छक्कों के साथ टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया और फिर मोहित शर्मा (51 रन पर एक विकेट) पर छक्के के साथ 34 गेंद में सत्र का अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया. सैमसन ने भी 15वें ओवर में तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन पर दो चौका और एक छक्का मारा.

मोहित के ओवर में सैमसन भाग्यशाली रहे फुलटॉस को लांग ऑन पर हवा में खेल गए लेकिन तेवतिया फिसलने के कारण कैच नहीं ले पाए और गेंद चार रन के लिए चली गई जिससे रॉयल्स के कप्तान ने 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. पराग अंतत: मोहित के पारी के 19वें ओवर में लांग ऑफ पर विजय शंकर के शानदार कैच का शिकार बने. शिमरोन हेटमायर (नाबाद 13) ने मोहित की पहली गेंद पर चौके से खाता खोला. उन्होंने और सैमसन ने उमेश के अंतिम ओवर में छक्के मारकर टीम का स्कोर 200 रन के करीब पहुंचाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu