UP: पीडीएम गठबंधन ने सात प्रत्याशी किए घोषित, रायबरेली से हाफिज मोहम्मद मोबीन और बरेली से सुभाष पटेल को उतारा

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 13 Apr 2024 08:05 PM
UP: पीडीएम गठबंधन ने सात प्रत्याशी किए घोषित, रायबरेली से हाफिज मोहम्मद मोबीन और बरेली से सुभाष पटेल को उतारा
ऑडियो सुनें

अपना दल कमेरावादी ने शनिवार को सात लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। कार्यालय स्थित लखनऊ में डॉ पल्लवी पटेल के उपस्थति में कल देर शाम तक चली बैठक के बाद पीडीएम (पिछड़ा, दलित, मुस्लिम) गठबंधन के प्रत्याशियों की पहली सूची आज सुबह जारी की गई।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजय पटेल ने कहा कि पीडीएम उत्तर प्रदेश मजबूती से चुनाव लड़ेगी। शेष अन्य सीटों पर शीघ्र ही प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। पीडीएम ने रायबरेली से हाफिज मोहम्मद मोबीन और बरेली से सुभाष पटेल को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, हाथरस से डॉ. जयवीर सिंह धनगर, फिरोजाबाद से प्रेमदत्त बघेल, फतेहपुर से रामकिशन पाल, भदोही से प्रेमचंद बिन्द, चंदौली से जवाहर बिन्द को उम्मीदवार बनाया है।

बता दें कि अखिलेश यादव के पीडीए के जवाब में अपना दल कमेरावादी ने तीन और पार्टियों के साथ मिलकर पीडीएम न्याय मोर्चा का गठन किया है। इस गठबंधन में अपना दल कमेरावादी, ए.आई.एम.आई.एम., राष्ट्र उदय पार्टी एवं प्रगतिशील मानव समाज पार्टी शामिल हैं। यह गठबंधन यूपी की कई सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा।

पल्लवी पटेल ने इस गठबंधन को लेकर कहा था कि नए राजनीतिक परिस्थितियों में विभिन्न सामाजिक समूहों खासकर अन्य पिछड़ा वर्ग की अनेक जातियों, दलित एवं मुसलमान का दमन उत्पीड़न एवं अन्याय बढ़ा है। सरकार की कार्यशैली एवं मुख्य विपक्ष का इन सवालों पर पीछे हटना नए राजनीतिक विकल्प की मांग करता है। इसलिए हम पीडीएम के नारे के साथ पिछड़ा दलित, मुसलमान की भागीदारी के सवाल पर और दमन, उत्पीड़न एवं अन्याय के खिलाफ नए राजनीतिक विकल्प की ओर आगे बढ़ रहे हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news