झूठ फैला रही कांग्रेस, आरक्षण कभी खत्म नहीं होने देगी भाजपा : अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Apr 2024 07:10 PM
झूठ फैला रही कांग्रेस, आरक्षण कभी खत्म नहीं होने देगी भाजपा : अमित शाह
ऑडियो सुनें

खैरागढ़.  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आरक्षण को कभी खत्म नहीं होने देगी और न ही कांग्रेस को ऐसा करने देगी. शाह ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए जनता से नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में तीसरा कार्यकाल देने को कहा ताकि अगले तीन वर्षों में राज्य में नक्सलवाद की समस्या को खत्म किया जा सके.

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 10 वर्ष के शासनकाल में माओवादी हिंसा को खत्म कर दिया लेकिन छत्तीसगढ़ में कुछ हद तक यह अब भी व्याप्त है. खैरागढ़, राजनांदगांव लोकसभा सीट पर भाजपा के संतोष पांडेय का मुकाबला कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से है. शाह ने कहा, ”आज बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती है. पूरा देश उन्हें दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और गरीबों के उत्थान की दिशा में किये गए कार्यों के लिए याद कर रहा है. इस दिन, लोग उनके द्वारा तैयार किये गए संविधान की भावना को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का काम करते हैं लेकिन कांग्रेस ऐसे दिन भी झूठ फैलाने में लगी हुई है.” गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दावा कर रहे हैं कि मोदी के फिर से प्रधानमंत्री बनने पर संविधान बदल दिया जाएगा और पार्टी (कांग्रेस) के पदाधिकारियों का आरोप है कि भाजपा सत्ता में बरकरार रहने पर आरक्षण खत्म कर देगी.

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ”मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि जब तक भाजपा राजनीति में है, हम आरक्षण को कुछ नहीं होने देंगे. न ही हम कांग्रेस को इसे खत्म करने देंगे.” शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को मजबूत किया है और इसे आतंकवाद से बचाया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने अपने 10 वर्ष के शासन में नक्सलवाद को खत्म कर दिया है.

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”पिछली भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई धीमी हो गई थी. राज्य में (पिछले राज्य विधानसभा चुनावों में) भाजपा के सत्ता में आने के बाद, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा (जिनके पास गृह विभाग भी है) ने इस खतरे के खिलाफ लड़ाई तेज कर दी.” उन्होंने कहा, ”राज्य में 54 से अधिक नक्सलियों को मार गिराया गया है, 150 से अधिक को गिरफ्तार किया गया है और 250 से अधिक ने आत्मसमर्पण किया है. 10 साल के अंदर मोदी जी ने पूरे देश से नक्सलवाद खत्म कर दिया है. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, मोदी जी को तीसरा कार्यकाल दीजिए और हम तीन साल में नक्सलवाद खत्म कर देंगे.”

शाह ने पिछली राज्य सरकार के दौरान हुए कथित महादेव एप ऑनलाइन सट्टाकांड को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा और कहा, ”इस देश में कई घोटाले हुए लेकिन कोई घोटाला भगवान के नाम से नहीं हुआ.” गृह मंत्री ने कहा, ”टूजी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, सबमरीन घोटाला हुआ लेकिन किसी का नाम भगवान से नहीं जुड़ा था. भूपेश बघेल ने महादेव को भी नहीं छोड़ा और 508 करोड़ रुपए का महादेव एप घोटाला किया.”

शाह ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”महादेव सट्टेबाजी ऐप के खिलाफ गुस्से को ध्यान में रखें और कमल (भाजपा का चिह्न) का बटन इतनी जोर से दबाएं कि झटके इटली तक महसूस हों.” शाह ने कहा, ”कांग्रेस ने 75 साल तक देश पर राज किया, लेकिन कभी किसी आदिवासी बेटे-बेटी को देश का राष्ट्रपति नहीं बनाया. प्रधानमंत्री मोदी ने द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति बनाकर आदिवासी समुदाय का मान बढ़ाया है.” उन्होंने मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए धारा 370 को निरस्त करने, अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और हवाई और र्सिजकल स्ट्राइक पर भी बात की.

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ”कांग्रेस 70 साल तक राम मंदिर निर्माण के मुद्दे को भटकाती रही और अड़ंगा डालती रही लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे कार्यकाल (2019 में) में राम मंदिर का ‘भूमिपूजन’ और प्राण प्रतिष्ठा हुई. 17 अप्रैल को भगवान राम का जन्मदिन रामनवमी है. पहली बार राम लला अपना जन्मदिन एक भव्य मंदिर में मनाएंगे.” शाह ने कहा, ”जब केंद्र में सोनिया-मनमोहन सरकार थी तो पाकिस्तान से आतंकवादी भारत में आते थे. जब मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार बनी तो र्सिजकल और एयर स्ट्राइक की गई और पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों का सफाया किया गया.”

भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ (घोषणा पत्र) को लेकर उन्होंने कहा, ”जब मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे, तो हम समान नागरिक संहिता लागू करेंगे और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को जमीन पर लाएंगे.” उन्होंने कहा, ”इस देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को आगे बढ़ाने का काम अगर कोई कर सकता है तो उस नेता का नाम नरेन्द्र मोदी है और उस पार्टी का नाम भारतीय जनता पार्टी है.” राजनांदगांव लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu