साल्ट की ताबड़तोड़ पारी से केकेआर ने एलएसजी को आठ विकेट से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Apr 2024 08:58 PM
साल्ट की ताबड़तोड़ पारी से केकेआर ने एलएसजी को आठ विकेट से हराया
ऑडियो सुनें

कोलकाता. फिल साल्ट की नाबाद 89 रन की आक्रामक पारी से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में रविवार को यहां लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) को 26 गेंद शेष रहते आठ विकेट से शिकस्त दी. साल्ट ने 47 गेंद की पारी में 14 चौके और तीन छक्के लगाने के साथ कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 76 गेंदों में 120 रन की अटूट साझेदारी की. अय्यर ने 38 गेंद में नाबाद 38 रन की संयमित पारी के दौरान छह चौके जड़े.

एलएसजी की पारी को सात विकेट पर 161 रन पर रोकने के बाद केकेआर ने 15.4 ओवर में दो विकेट पर 162 रन बनाकर पांच मैचों में चौथी जीत दर्ज की. एलएसजी के लिए सिर्फ मोहसिन खान ही गेंद से प्रभावित कर सके उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिये. टीम ने 22 अतिरिक्त रन लुटाये. लखनऊ सुपरजायंट्स की यह छह मैचों में तीसरी हार है.

निकोल्स पूरन (32 गेंद में 45 रन) और कप्तान लोकेश राहुल (27 गेंद में 39 रन) की उपयोगी पारियों से एलएसजी को 160 रन से अधिक स्कोर तक पहुंचाया. पूरन ने आखिरी ओवरों में चार छक्के और दो चौके लगाये जबकि राहुल ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाये. पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले आयुष बडोनी ने 27 गेंद में दो चौके और एक छक्का की मदद से 29 रन बनाये.
इन तीनों के अलावा टीम का कोई अन्य बल्लेबाज 10 रन के आंकड़े को पार नहीं कर पाया.

केकेआर के लिए मिचेल स्टार्क ने 28 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि सुनील नारायण ने चार ओवर में सिर्फ 17 रन देकर एक विकेट लिया. वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती और आंद्रे रसेल को भी एक-एक सफलता मिली. लक्षय का बचाव करते हुए एलएसजी के लिए पदार्पण कर रहे शमार जोसेफ का पहला ओवर घटना प्रधान रहा. नारायण (छह) ने इस ओवर में चौका तो वही साल्ट ने छक्का लगाया जबकि 10 रन अतिरिक्त के कोटे में रहे.

टीम में वापसी कर रहे मोहसिन ने अपने अगले दो ओवरों में नारायण और अंगकृष रघुवंशी (सात) को पवेलियन की राह दिखायी.
इस बीच तीसरे ओवर में कृणाल के खिलाफ हैट्रिक चौका लगाने वाले साल्ट ने छठे ओवर में यश ठाकुर की शुरुआती दो गेंदों को सीमा रेखा के पार भेजा. पावरप्ले में केकेआर का स्कोर दो विकेट पर 58 रन था.

सातवें ओवर में जोसेफ की गेंद पर मैदान अंपायर ने अय्यर को आउट करार दिया लेकिन रिव्यू लेने के बाद वह बच गये. गेंद उनकी जांघ पर लगकर विकेटकीपर के हाथों में गयी थी. इसी ओवर में साल्ट के शॉट पर अरशद खान ने कैच लेने का प्रयास किया लेकिन गेंद उनके हाथ में लगकर छह रन के लिए चली गयी.

साल्ट ने पारी के आठवें और 10वें ओवर में अरशद के खिलाफ क्रमश: दो और तीन चौके लगाकर 26 गेंद में मौजूदा सत्र का अपना दूसरा अर्धशतक जबकि टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया. इस बीच श्रेयस अय्यर ने रवि बिश्नोई के खिलाफ चौका जड़ा. साल्ट ने अपनी आक्रामक पारी जारी रखते हुए 14वें ओवर में यश ठाकुर के खिलाफ तीन चौके लगा कर श्रेयस के साथ शतकीय साझेदारी पूरी की. उन्होंने अगले ओवर में मोहसिन की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का उनका आंकड़ा खराब किया और फिर बिश्नोई पर चौके के साथ टीम को यादगार जीत दिला दी.

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर क्विंटन डिकॉक ने स्टार्क के खिलाफ शुरुआती दो गेंदों में लगातार दो चौके लगाये जबकि राहुल ने अरोड़ा की गेंद पर छक्का जड़ा. अरोड़ा ने हालांकि डिकॉक की आठ गेंद में 10 रन की पारी को खत्म कर दिया. क्रीज पर आये दीपक हुड्डा (आठ) प्रभावित करने में विफल रहे. स्टार्क की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर रमनदीप सिंह ने उनका कमाल का कैच लपका.

बडोनी ने छठे ओवर में र्हिषत राणा के खिलाफ दो चौके लगा कर पिछले मैच से मिली लय को जारी रखा जिससे पावरप्ले में एलएसजी का स्कोर दो विकेट पर 49 रन हो गया. केकेआर के गेंदबाजों ने इसके बाद कसी हुई गेंदबाजी कर राहुल और बडोनी को तेजी से रन बनाने का मौका नहीं दिया. राहुल ने 11वें ओवर में रसेल का स्वागत छक्के से किया लेकिन अगली गेंद को रमनदीप के हाथों में खेल गये. मार्कस स्टोइइनिस (10) ने क्रीज पर आते ही रसेल के खिलाफ दो चौके लगाये.

बडोनी ने अगले ओवर में चक्रवर्ती की गेंद को दर्शकों के पास भेजा पर इस गेंदबाज की फिरकी में फंस कर स्टोइनिस विकेटकीपर फिल साल्ट के दस्तानों में गेंद दे बैठे. पूरन ने चक्रवर्ती की फुलटॉस गेंद पर बड़ा छक्का लगाकर 14वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा करवाया. अगले ओवर में नारायण के खिलाफ बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में बडोनी रघुवंशी को कैच दे बैठे.

पूरन ने 17वें ओवर में र्हिषत के खिलाफ छक्का जड़ने के बाद अरोड़ा की दो गेंदों को दर्शकों तक पहुंचाया. आखिरी ओवर में गेंदबाजी के लिए आये स्टार्क ने पूरन की आक्रामक पारी को खत्म करने के बाद अरशद (पांच) को बोल्ड किया. कृणाल सात रन पर नाबाद रहे. एलएसजी की टीम इस मैच में स्थानीय दिग्गज फुटबॉल क्लब मोहन बागान सुपरजायंट्स की ऐतिहासिक लाल और हरे रंग की जर्सी में मैदान में उतरी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu