लोकसभा चुनाव: 4,650 करोड़ रुपये मूल्य की जब्ती की गई ; इनमें 45% मादक पदार्थ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Apr 2024 07:31 PM
लोकसभा चुनाव: 4,650 करोड़ रुपये मूल्य की जब्ती की गई ; इनमें 45% मादक पदार्थ
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. निर्वाचन आयोग ने सोमवार को कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अधिकारियों ने नकदी, मादक पदार्थ और शराब सहित कुल 4,650 करोड़ रुपये मूल्य की जब्ती की है. कुल जब्ती में 45 प्रतिशत हिस्सेदारी मादक पदार्थों की है. आयोग ने कहा कि एक मार्च से की गई जब्ती, 2019 के संसदीय चुनाव के दौरान जब्त किये गए 3,475 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई है.

आयोग ने 16 मार्च को सात चरणों में लोकसभा चुनाव कराने की घोषणा की थी. पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को और अंतिम चरण का मतदान एक जून को होना है. आयोग ने कहा कि अधिकारियों ने एक मार्च से प्रतिदिन 100 करोड़ रुपये मूल्य की जब्ती की है. कुल 4,658 करोड़ रुपये मूल्य की जब्ती में 395 करोड़ रुपये नकद, 489 करोड़ रुपये से अधिक की शराब और 2,069 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ शामिल हैं.

आयोग ने कहा कि राजनीतिक वित्तपोषण के अलावा काले धन का इस्तेमाल, समान अवसर को प्रभावित कर सकता है. यह जब्ती, प्रलोभन और कदाचार मुक्त लोकसभा चुनाव कराने तथा समान अवसर सुनिश्चित करने के उसके संकल्प का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. पिछले कुछ वर्षों में गुजरात, पंजाब, मणिपुर, नगालैंड, त्रिपुरा और मिजोरम में चुनावों के दौरान बड़ी मात्रा में जब्ती की गई है.

आयोग ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने पिछले महीने आम चुनाव की घोषणा करते हुए धन बल को एक प्रमुख चुनौती बताया था. निर्वाचन आयोग ने कहा कि चुनाव प्रचार में राजनीतिक नेताओं की मदद करते पाये गए करीब 106 सरकारी अधिकारियों के खिलाफ उसने कड़ी कार्रवाई की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu