यूक्रेन के चेर्निहाइव में रूसी मिसाइल हमले में 14 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 Apr 2024 08:30 PM
यूक्रेन के चेर्निहाइव में रूसी मिसाइल हमले में 14 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

कीव. रूस की तरफ से दागी गई तीन मिसाइल बुधवार को उत्तरी यूक्रेन के चेर्निहाइव में आठ मंजिला इमारत पर गिरीं जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. यूक्रेन की आपातकालीन सेवा ने बताया कि हमले में दो बच्चों सहित कम से कम 61 लोग घायल हो गए. चेर्निहाइव यूक्रेन की राजधानी कीव से लगभग 150 किलोमीटर उत्तर में, रूस और बेलारूस की सीमा के पास स्थित है और इसकी आबादी लगभग 2,50,000 है.

युद्ध के तीसरे वर्ष में प्रवेश करने के साथ रूस यूक्रेन में लगातार बढ.त बना रहा है. पश्चिमी देशों द्वारा यूक्रेन को अतिरिक्त सैन्य साजो सामान मुहैया नहीं कराए जाने से रूस के खिलाफ युद्ध में उसकी स्थिति कमजोर पड़ती जा रही है. हालांकि, र्सिदयों के महीनों के दौरान, रूस युद्ध के अग्रिम मोर्चे पर कोई प्रगति नहीं कर पाया.

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से उनके देश को और अधिक वायु रक्षा प्रणालियां प्रदान करने का अनुरोध किया है. उन्होंने चेर्निहाइव हमले के बारे में कहा कि ”अगर यूक्रेन को पर्याप्त वायु रक्षा उपकरण मिले होते और रूसी आतंक का मुकाबला करने के लिए दुनिया का दृढ. संकल्प होता, तो ऐसा नहीं होता.” जेलेंस्की ने इस सप्ताह की शुरुआत में प्रसारित एक साक्षात्कार में ‘पीबीएस’ को बताया था कि मिसाइल और ड्रोन हमले से बचाव करते हुए यूक्रेन के पास वायु रक्षा मिसाइलें खत्म हो गई हैं. हाल में रूस ने हमले में यूक्रेन के सबसे बड़े बिजली संयंत्रों में से एक को नष्ट कर दिया था.

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने इटली में सात देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक से पूर्व अधिक मदद के लिए जेलेंस्की की अपील दोहराई. कुलेबा ने कहा, ”हमें अपने शहरों और आर्थिक केंद्रों को तबाही से बचाने के लिए कम से कम सात और पैट्रियट बैटरी (मिसाइल प्रणाली) की आवश्यकता है. इसमें क्या परेशानी है?” यूक्रेन के लिए एक विषम तथ्य वाशिंगटन में उस सहायता पैकेज की मंजूरी का रुकना है जिसमें यूक्रेन के लिए लगभग 60 अरब अमेरिकी डॉलर शामिल हैं. अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के स्पीकर माइक जॉनसन ने रविवार को कहा कि वह इस सप्ताह पैकेज को आगे बढ.ाने का प्रयास करेंगे. वाशिंगटन स्थित ‘थिंक टैंक’ इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर (आईएसडब्ल्यू) के अनुसार, यूक्रेन में सैन्य साजो-सामान की तेजी से किल्लत हो रही है.

आईएसडब्ल्यू ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में कहा कि यूक्रेन को अमेरिकी सैन्य सहायता के प्रावधान में देरी के कारण रूस तेजी से बढ.त बना रहा है. रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिकी सहायता के बिना यूक्रेन युद्ध के मैदान में ज्यादा दिन तक नहीं टिक सकता. आईएसडब्ल्यू ने कहा कि यूक्रेन को अभी सबसे ज्यादा जरूरत वायु रक्षा प्रणाली और तोपखाने की है. रूस के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि मास्को से लगभग 350 किलोमीटर पूर्व में मोर्दोविया क्षेत्र में एक यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया. यह जगह यूक्रेन की सीमा से 700 किलोमीटर दूर है.

मोर्दोविया हमले से लगभग एक घंटे पहले, रूस के नागर विमानन प्राधिकरण ने सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर देश के दो सबसे बड़े शहरों निजनी नोवगोरोद और तातारस्तान के कजान में हवाई अड्डों पर उड़ानें रोक दी थीं. कुछ अपुष्ट खबरों में कहा गया है कि यूक्रेन की एक मिसाइल ने कब्जे वाले क्रीमिया में एक हवाई क्षेत्र पर हमला किया. रूस और यूक्रेन के अधिकारियों ने हमले की पुष्टि नहीं की लेकिन स्थानीय अधिकारियों ने उस सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया जहां हवाई क्षेत्र स्थित है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu