अभिनेता नवाजुद्दीन के खिलाफ मामले में पुलिस की अंतिम रिपोर्ट अदालत में मंजूर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 18 Apr 2024 06:47 PM
अभिनेता नवाजुद्दीन के खिलाफ मामले में पुलिस की अंतिम रिपोर्ट अदालत में मंजूर
ऑडियो सुनें

मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर की ‘विशेष पॉक्सो अदालत’ ने छेड़छाड़ के मामले में बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी समेत सभी पांच आरोपियों को ‘क्लीन चिट’ देने वाली पुलिस की ‘क्लोजर रिपोर्ट’ बृहस्पतिवार को मंजूर कर ली. विशेष लोक अभियोजक प्रदीप बालियान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विशेष पॉक्सो न्यायाधीश रितेश सचदेवा ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी की पत्नी आलिया द्वारा कई बार मौका दिए जाने के बावजूद जवाब के लिए अदालत में पेश नहीं होने पर क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार कर ली.

आलिया ने अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था. इसमें आरोप लगाया गया था कि अभिनेता सिद्दीकी के भाई मिनहाजुद्दीन ने 2012 में परिवार की एक नाबालिग सदस्य के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की थी जबकि अन्य आरोपियों ने उसका साथ दिया था.

अभियोजन पक्ष के अनुसार आलिया द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मुंबई में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी और बाद में 2020 में जिले के बुढ़ाना थाने में स्थानांतरित कर दी गई थी. जांच के बाद, पुलिस ने मामले में अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दायर की. अदालत ने आलिया को नोटिस जारी कर पुलिस द्वारा छेड़छाड़ मामले में सिद्दीकी और अन्य को दी गई क्लीन चिट पर जवाब देने के लिए अदालत में पेश होने को कहा था, लेकिन वह पेश नहीं हुईं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu