बिहार में डबल इंजन (सरकार) पटरी से उतरता जा रहा है: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Apr 2024 09:25 PM
बिहार में डबल इंजन (सरकार) पटरी से उतरता जा रहा है: खरगे
ऑडियो सुनें

कटिहार/किशनगंज. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के साथ भाजपा के गठबंधन को अस्थिर बताते हुए आरोप लगाया कि तथाकथित डबल इंजन (सरकार) ‘लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहा है, जिससे ट्रेन के डिब्बे ख.राब हो रहे हैं.’ खरगे ने यह टिप्पणी राज्य की कटिहार लोकसभा सीट पर पार्टी के प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर के पक्ष में एक रैली को संबोधित करते हुए की.

कांग्रेस अध्यक्ष ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, “बिहार में तथाकथित डबल इंजन (सरकार) लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहा है, जिससे ट्रेन के डिब्बे ख.राब हो रहे हैं.” कुमार कुछ महीने पहले विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन छोड़ भाजपा नेतृत्व वाले राजगए में लौट आए थे.

खरगे ने कहा, “हमारे सहयोगी, राजद नेता तेजस्वी यादव अक्सर इस बात पर अफसोस जताते हैं कि चाचा (नीतीश कुमार) भाग गए. उन्हें मेरी सलाह है कि उन्हें अपने चाचा के साथ गठबंधन के लिए सहमत ही नहीं होना चाहिए था क्योंकि ऐसा लगता है कि उनकी (नीतीश कुमार की) कोई विचारधारा या सिद्धांत नहीं है और वह अपनी सुविधा के अनुसार सहयोगी बदलते रहते हैं.”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “कटिहार एक जमाने में अपनी कपड़ा मिल के लिए मशहूर था, जिसमें हजारों लोगों को रोजगार मिलता था. लेकिन भाजपा सरकार ने धीरे-धीरे इसे बंद कर दिया.” उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में बिहार को कुछ नहीं मिला क्योंकि वह सिर्फ तोड़-फोड़कर सरकार बनाते रहे. उन्होंने लोगों से कहा,” आज फिर से भाजपा-जदयू मिलकर आपको ठगने की कोशिश कर रहे हैं, आपको उनसे सावधान रहना है. ” खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी, आजादी हासिल की और फिर देश में लोकतंत्र को मजबूत किया.

उन्होंने कहा ,” कांग्रेस के कुछ उसूल हैं, जिनके साथ हम आगे बढ़ते हैं और जिनकी रक्षा के लिए हम लड़ते रहते हैं. लेकिन भाजपा के लोग आरएसएस के एजेंडे को देश पर थोपना चाहते हैं. ” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “नरेन्द्र मोदी कहते हैं- भाइयों-बहनो.. मैं आपके लिए ‘अच्छे दिन’ लाऊंगा. लेकिन एक तरफ पेट्रोल-डीजल, आटा-दूध सब महंगे हो गए हैं. दूसरी तरफ हमारे नौजवान नौकरी के लिए तरस रहे हैं. क्या यही ‘अच्छे दिन’ हैं? ” इससे पहले, खरगे ने निकटवर्ती किशनगंज में एक और रैली को संबोधित किया. किशनगंज से कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद फिर चुनावी मैदान में हैं.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “देश की जनता अब लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हो चुकी है और बदलाव चाहती है. हम मोदी सरकार के अन्याय और तानाशाही को हराकर देश में न्याय की स्थापना करेंगे.” उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस के लोग भारत का संविधान बदलने की बात करते हैं जिसके लिए भाजपा बहुमत चाहती है, लेकिन कांग्रेस जनता का दुख दूर करने के लिए बहुमत चाहती है.

खरगे ने कहा, “नरेन्द्र मोदी ने कहा था- मैं विदेश से काला धन वापस लाऊंगा, सभी के खाते में 15 लाख रुपए डालूंगा, हर साल दो करोड़ नौकरियां दूंगा, किसानों की आमदनी दोगुनी होगी. लेकिन उन्होंने किया कुछ भी नहीं, क्योंकि वह झूठ बोलते हैं.” उन्होंने कहा, “नरेन्द्र मोदी अपनी गारंटी की बात करते हैं. लेकिन, पिछले 10 साल में जनता उनकी गारंटी देख चुकी है.10 साल में उन्होंने अपनी एक भी गारंटी पूरी नहीं की है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu