विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से अलग होने से मना करने पर हेमंत सोरेन को जेल भेजा गया: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Apr 2024 09:11 PM
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से अलग होने से मना करने पर हेमंत सोरेन को जेल भेजा गया: खरगे
ऑडियो सुनें

रांची. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ”आतंकित” करने की कोशिश करने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर रविवार को निशाना साधा और कहा कि झामुमो नेता ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से अलग होने के बजाय जेल जाना पसंद किया. वह यहां प्रभात तारा मैदान में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की ‘उलगुलान न्याय’ रैली को संबोधित कर रहे थे. रैली में विपक्षी गठबंधन के नेता भी शामिल हुए.

खरगे ने कहा, ”विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से अलग होने से मना करने पर हेमंत सोरेन को जेल भेज दिया गया. हेमंत सोरेन एक बहादुर इंसान हैं, जिन्होंने झुकने के बजाय जेल जाना पसंद किया. यदि भाजपा आदिवासियों को आतंकित करती रही, तो उसका सफाया हो जायेगा.” प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता सोरेन को मुख्यमंत्री पद से उनके इस्तीफे के तुरंत बाद कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में 31 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया था.

खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि उन्होंने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह और नये संसद भवन के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित नहीं करके उनका और आदिवासी समुदाय का अपमान किया.
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ”भाजपा आदिवासियों को अछूत मानती है.” उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2024 के लोकसभा चुनाव में 150 से 180 सीट तक सिमट जायेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu