प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा चुनाव में ‘हिंदू हृदय सम्राट’ की अपनी छवि बनाने की कोशिश कर रहें: थरूर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 03 May 2024 09:45 PM
प्रधानमंत्री मोदी लोकसभा चुनाव में ‘हिंदू हृदय सम्राट’ की अपनी छवि बनाने की कोशिश कर रहें: थरूर
ऑडियो सुनें

पणजी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकसभा चुनाव में ”हिंदू हृदय सम्राट” की अपनी छवि बनाने की कोशिश कर रहे हैं. तिरूवनंतपुरम से सांसद ने यह भी दावा किया कि लोकसभा चुनाव के पहले दो चरणों में कुछ क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत घटा है और यह प्रर्दिशत करता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पारंपरिक समर्थक उसके प्रति उदासीन हैं. उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मोदी 2014 में, गुजरात के विकास मॉडल को दोहराने और भ्रष्टाचार रोधी एजेंडा के साथ (केंद्र की सत्ता में) आये थे जो उनके पहले कार्यकाल में ही ध्वस्त हो गया.

थरूर ने दावा किया, ”2019 में, उन्होंने आम चुनाव पुलवामा और बालाकोट (आतंकी घटना और जवाबी हवाई हमला) पर लड़ा था. यह उनका संदेश था. अब, 2019 के बाद वह ऐसा नहीं कह सकते क्योंकि मैंने कहा है कि चीन से लगे सीमावर्ती इलाके में वह नाकाम रहे हैं.” उन्होंने दावा किया, ”2024 में, केवल यह संदेश है कि प्रधानमंत्री हिंदू हृदय सम्राट हैं और मुसलमानों के बारे में भय फैलाने में शामिल हैं. यह चिंता पैदा करता है जब देश के प्रधानमंत्री इस तरह की बात करते हैं.” कांग्रेस नेता ने कहा कि इस तरह का संदेश भाजपा खेमे में पहले से शामिल हिंदुत्व के प्रबल समर्थक मतदाताओं को पसंद आ सकता है लेकिन तटस्थ मतदाताओं को नहीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu