अप्रैल में शाकाहारी थाली आठ प्रतिशत महंगी, मांसाहारी भोजन सस्ता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 08 May 2024 07:55 PM
अप्रैल में शाकाहारी थाली आठ प्रतिशत महंगी, मांसाहारी भोजन सस्ता
ऑडियो सुनें

मुंबई. प्याज और टमाटर की बढ़ती कीमतों ने अप्रैल में शाकाहारी थाली की औसत लागत में लगभग आठ प्रतिशत की वृद्धि की है. बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है. क्रिसिल मार्केट इंटेलिजेंस एंड एनालिसिस की मासिक ‘रोटी चावल दर’ रिपोर्ट के अनुसार, दूसरी ओर ब्रॉयलर की कीमत में गिरावट ने मांसाहारी भोजन की कीमत में कमी आई है.

रोटी, सब्जियां (प्याज, टमाटर और आलू), चावल, दाल, दही और सलाद को शामिल करने वाली थाली की कीमत अप्रैल में बढ़कर 27.4 रुपये प्रति प्लेट हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 25.4 रुपये प्लेट थी और मार्च, 2024 के 27.3 रुपये की तुलना में मामूली रूप से अधिक है. रिपोर्ट में शाकाहारी थाली की कीमत में कुल वृद्धि का कारण प्याज में 41 प्रतिशत, टमाटर में 40 प्रतिशत, आलू में 38 प्रतिशत, चावल में 14 प्रतिशत और दालों में 20 प्रतिशत की वृद्धि को बताया गया है.

रिपोर्ट में कहा गया है कि जीरा, मिर्च और वनस्पति तेल की कीमतों में क्रमश? 40 प्रतिशत, 31 प्रतिशत और 10 प्रतिशत की गिरावट आई है, जिससे थाली की लागत में और अधिक वृद्धि नहीं हुई. नॉन-वेज थाली के मामले में, जिसमें सभी समान सामग्री शामिल होती है, लेकिन दाल की जगह चिकन होता है, अप्रैल में इसकी कीमत घटकर 56.3 रुपये रह गई, जबकि एक साल पहले यह 58.9 रुपये थी, लेकिन मार्च, 2024 के 54.9 रुपये प्रति थाली की कीमत की तुलना में यह अधिक है.

इसमें कहा गया है कि ब्रॉयलर की कीमत में 12 प्रतिशत की गिरावट, जिसका कुल कीमत में 50 प्रतिशत भार होता है, साल-दर-साल आधार पर नॉन-वेज थाली की लागत में गिरावट का मुख्य कारण था. रिपोर्ट में कहा गया है कि मार्च की तुलना में नॉन-वेज थाली की कीमत में तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu