कमल हासन-मणिरत्नम की फिल्म ‘ठग लाइफ’ में नजर आएंगे अभिनेता अली फज़ल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 May 2024 08:50 PM
कमल हासन-मणिरत्नम की फिल्म ‘ठग लाइफ’ में नजर आएंगे अभिनेता अली फज़ल
ऑडियो सुनें

मुंबई. फिल्म जगत के दिग्गज कमल हासन और मणिरत्नम की आने वाली फिल्म ‘ठग लाइफ’ में अभिनेता अली फजल दिखाई देंगे.
प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मणिरत्नम और दिग्गज अभिनेता हासन 35 साल बाद साथ में काम करेंगे. वे हासन की 234वीं फिल्म के लिए फिर से साथ काम करने वाले हैं. इससे पहले उन्होंने 1987 की हिट फिल्म ‘नायकन’ में एक साथ काम किया था. फज़ल ने फिल्म की शूटिंग शुरु कर दी है. फिल्म में उनके साथ सिलंबरसन, तृषा, अशोक सेल्वन, अभिरामी, नासर, जोजू जॉर्ज, ऐश्वर्या लक्ष्मी और वैयापुरी नजर आने वाले हैं.

फज़ल ने कहा, ” ‘मैं ‘ठग लाइफ’ के लिए मणि सर की सोच का हिस्सा बनकर वास्तव में रोमांचित हूं और मैं केवल उम्मीद कर सकता हूं कि मैं इस फिल्म में कुछ बेहतर कर पाऊंगा. कमल हासन सर के साथ काम करना और इस पर उनके साथ नोट्स साझा करना भी एक सम्मान की बात है.” ओटीटी शो ‘मिर्जापुर’ से मशहूर हुए अदाकार फज़ल ने कहा, ”भारतीय सिनेमा के दो दिग्गजों के साथ काम करने का अवसर मिलना शानदार बात है. मुझे यह भूमिका सौंपने के लिए मैं मणि सर का बहुत आभारी हूं और इसे पर्दे पर प्रस्तुत करने के लिए उत्सुक हूं.”

‘ठग लाइफ’ का निर्माण उदयनिधि स्टालिन की रेड जियांट मूवीज, राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल और मणिरत्नम की मद्रास टॉकीज द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा. इसका संगीत ए. आर. रहमान द्वारा तैयार किया जाएगा. फजल को हाल में ‘फुकरे 3’ और विशाल भारद्वाज की ‘खुफिया’ में देखा गया था. उनकी अगली फिल्म निर्माता अनुराग बसु की फिल्म ‘मेट्रो…इन दिनों’ होगी जिसमें उनके सह-कलाकार आदित्य रॉय कपूर, सारा अली खान, अनुपम खेर, नीना गुप्ता, पंकज त्रिपाठी, कोंकणा सेन शर्मा और फातिमा सना शेख हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu