पाकिस्तान के पहले ‘ऑर्बिटर’ ने भेजीं चांद की तस्वीरें

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 10 May 2024 09:45 PM
पाकिस्तान के पहले ‘ऑर्बिटर’ ने भेजीं चांद की तस्वीरें
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के पहले चंद्र ‘ऑर्बिटर’ ने सूरज व चांद की पहली तस्वीरें भेजी हैं. चीन के चंद्र मिशन के साथ इस ‘ऑर्बिटर’ को प्रक्षेपित किया गया था. शुक्रवार को यह जानकारी दी गई. चीन के चांग’ई 6 चंद्र मिशन के हिस्से के रूप में पाकिस्तान का छोटा उपग्रह ‘आईक्यूब कमर’ प्रक्षेपित किया था. यह मिशन हेनान प्रांत से तीन मई को रवाना हुआ था.

पाकिस्तान की राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी सुपार्को की प्रवक्ता मारिया तारिक ने डॉन डॉट कॉम को बताया कि मिशन की सफलता के अवसर पर चाइना नेशनल स्पेस एजेंसी (सीएनएसएस) ने एक समारोह का आयोजन किया जिसमें तस्वीरों को दिखाया गया. उन्होंने कहा कि बीजिंग में समारोह के दौरान चीन में पाकिस्तान के राजदूत को आधिकारिक तौर पर तस्वीरें सौंपी गईं.

मारिया ने कहा, ”आठ मई को स्थानीय समयानुसार अपराह्न एक बजकर 14 मिनट पर पाकिस्तानी ‘क्यूबसेट’ ‘ऑर्बिटर’ से अलग हुआ था और 12 घंटे तक चांद की कक्षा का चक्कर लगाने के बाद उसने सफलतापूर्वक पहली तस्वीरें खींचीं.” सीएनएसए ने कहा कि पाकिस्तान का आईक्यूब-कमर सफलतापूर्वक चांग’ई-6 से अलग हुआ और और मिशन में कामयाबी हासिल की.

सीएनएसए ने तस्वीरें जारी करते हुए कहा कि पहली छवि में सूरज एक चमकदार वस्तु के रूप में दिखता है, जबकि दूसरी तस्वीर में आधा चांद चमचमाता हुआ दिखता है. इसने कहा कि तीसरी तस्वीर में बाईं ओर चंद्रमा और दाईं ओर सूरज दिखता है. ‘आईक्यूब-कमर’ को इस्लामाबाद अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और चीन के शंघाई विश्विद्यालय ने मिलकर बनाया है. इसमें चांद की सतह की तस्वीरें खींचने के लिए दो उच्च तकनीक वाले कैमरे लगाए गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu