महिला टी 20 चैलेंज: शेफाली, वुलवार्डट की अर्धशतकीय पारियों से वेलॉसिटी ने सुपरनोवाज को हराया

पुणे. आक्रामक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (51) और लौरा वुलवार्डट (नाबाद 51) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर वेलॉसिटी ने मंगलवार को यहां महिला टी20 चैलेंज के दूसरे मैच सुपरनोवाज को सात विकेट से करारी शिकस्त दी. शेफाली ने 33 गेंद की पारी में एक छक्का और नौ चौके जड़े तो वहीं वुलवार्डट ने 35 गेंद की नाबाद पारी में सात चौकों के साथ एक छक्का लगाया.

कप्तान हरमनप्रीत कौर की 51 गेंदों में 71 रनों की तूफानी पारी से सुपरनोवाज ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर पांच विकेट पर 150 रन बनाए. वेलॉसिटी ने 10 गेंद शेष रहते तीन विकेट गंवाकर इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया. टीम के लिए कप्तान दीप्ति शर्मा ने 25 गेंद में नाबाद 24 रन का योगदान दिया.

लक्ष्य का पीछा करते हुए वेलॉसिटी ने दूसरे ओवर में ही नटकान चंथाम (एक रन) का विकेट गंवा दिया. शेफाली पर हालांकि इसका कोई असर नहीं हुआ और उन्होंने अपने अंदाज में आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी. उन्हें विकेटकीपर यास्तिका भाटिया (17 रन) का अच्छा साथ मिला और दोनों ने 29 गेंद में 63 रन की साझेदारी कर जीत की नींव रखी.

डिएंड्रा डॉटिन (21 रन पर दो विकेट) की गेंद पर यास्तिका के आउट होने के बाद शेफाली ने नौवें ओवर में अलाना ंिकग के खिलाफ एक रन लेकर 28 गेंद में इस टूर्नामेंट का सबसे तेज अर्धशतक लगाया. अगले ओवर वह हालांकि डॉटिन का दूसरा शिकार बनीं. इसके बाद वुलवार्डट और दीप्ति की जोड़ी ने 71 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी. इससे पहले वेलॉसिटी के गेंदबाजों ने शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन हरमनप्रीत की बेजोड़ पारी से सुपरनोवाज की टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही.

हरमनप्रीत ने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के जड़े. उन्हें विकेटकीपर तानिया भाटिया (36 रन) का अच्छा साथ मिला और दोनों ने 18 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद 82 रन की शानदार साझेदारी की. तानिया ने 32 गेंद की पारी में तीन चौके लगाये. आखिरी ओवरों में सुने लुस ने 14 गेंद में तीन चौकों की मदद से नाबाद 20 रन की पारी खेल टीम के स्कोर को 150 रन तक पहुंचाया.
वेलॉसिटी के लिए केट क्रॉस ने 24 रन देकर दो जबकि राधा शर्मा और दीप्ति ने एक-एक विकेट लिये. प्रिया पुनिया (चार रन) , डॉटिन (छह) और हरलीन देओल (सात) पिछले मैच के अच्छे फॉर्म को इस मुकाबले में जारी नहीं रख सके.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button